महाविद्यालयों एवं इंस्टीट्यूट ने बड़ी संख्या में निरस्त किए आवेदन
बरेली। छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति के 6,233 आवेदन अभी तक स्कूल स्तर पर ही लंबित पड़े हैं। वहीं, 4,506 आवेदन निरस्त कर दिए गए हैं। महाविद्यालयों एवं इंस्टीट्यूट की लापरवाही से ही पिछले सत्र में भी जिले के 8,590 छात्र-छात्राओं को छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति का लाभ नहीं मिल पाया था।
शनिवार को डीएम ने समाज कल्याण, पिछड़ा वर्ग और अल्पसंख्यक विभाग के अधिकारियों के साथ ही महाविद्यालयों एवं इंस्टीट्यूट के नोडल अधिकारियों को बुलाकर कलक्ट्रेट में छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति के संबंध में समीक्षा की। बैठक में पता चला कि अन्य पिछड़ा वर्ग के 3,089 छात्र-छात्राओं के आवेदन अभी तक स्कूल स्तर पर ही लंबित पड़े हैं।
सबसे अधिक 378 छात्र-छात्राओं के आवेदन बरेली कॉलेज में और गौरी शंकर पीजी कॉलेज गुलड़िया के 177 आवेदन लंबित हैं। एलबीएस ग्रुप ऑफ एजुकेशन इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट कॉलेज हरदुआ के 98 और गंगाशील आयुर्वेदिक मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल के 87 छात्र-छात्राओं के आवेदन लंबित हैं। इसी तरह अनुसूचित जाति वर्ग के 1169 और अल्पसंख्यक वर्ग में 1,030 छात्र-छात्राओं आवेदन स्कूल स्तर पर लंबित हैं।
ओबीसी वर्ग के सर्वाधिक 2466 आवेदन निरस्त
महाविद्यालयों एवं इंस्टीट्यूट ने 4,506 छात्र-छात्राओं के आवेदनों को निरस्त किया है। इसमें भी सबसे अधिक संख्या ओबीसी वर्ग के 2,466 छात्र-छात्राओं की है। सामान्य वर्ग में 751, अल्पसंख्यक वर्ग के 641 और अनुसूचित जाति वर्ग के 648 छात्र-छात्राओं के भी आवेदन निरस्त किए गए हैं। जिला समाज कल्याण अधिकारी सुधांशु शेखर ने बताया कि छात्र-छात्राओं की पात्रता तय करते हुए उनके आवेदन निरस्त करने का अधिकार विद्यालयों को है। संवाद
बैठक से गैर हाजिर रहे दो नोडल अधिकारी
डीएम की बैठक में एलबीएस ग्रुप ऑफ इजुकेशन इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट कॉलेज हरदुआ और गौतम बुद्ध महाविद्यालय बरेली के नोडल अधिकारी नहीं आए थे। डीएम ने इन लोगों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश जिला समाज कल्याण अधिकारी को दिए हैं।
वर्जन-
नोडल अधिकारियों को छात्रवृत्ति के आवेदनों को लंबित न रखने के निर्देश दिए हैं। छात्रवृत्ति योजना मुख्यमंत्री की प्राथमिकताओं में से एक है, इसमें लापरवाही क्षम्य नहीं होगी। - अविनाश सिंह, डीएम
-
600 से अधिक विद्यार्थियों ने भरे दोहरे फॉर्म, कराया जा रहा सुधार
- छात्रवृत्ति फॉर्म जमा करने के बाद भी कई ने नहीं कराई बायोमीट्रिक
संवाद न्यूज एजेंसी
बरेली। बरेली कॉलेज के 600 से अधिक विद्यार्थियों ने छात्रवृत्ति के लिए एक से अधिक फॉर्म भरे हैं। इनमें सुधार कराया जा रहा है। वहीं, 40-45 विद्यार्थी ऐसे भी हैं, जो फॉर्म जमा करने के बाद अब तक बायोमीट्रिक कराने नहीं आए हैं।
कई विद्यार्थियों ने पहले से पंजीकरण होने के बाद भी नया पंजीकरण कराकर फॉर्म जमा कर दिया है। ऐसे में भी फॉर्म फारवर्ड नहीं किया जा सकता। इसी की भरपाई के लिए अब कर्मचारी प्रत्येक छात्र-छात्राओं को कॉल करके बुला रहे हैं।
समर्थ पर संशोधन का विकल्प खुला
प्रथम सेमेस्टर के परीक्षा फॉर्म समर्थ पोर्टल से भरवाए जा रहे हैं। इसके तहत विषय एडिट करने का विकल्प खुल गया है। दो दिन में करीब पांच सौ विद्यार्थियों ने अपने मेजर, माइनर व वोकेशन विषयों की त्रुटियों में सुधार कराया।