बरेली/नवाबगंज। नवाबगंज में एक स्कूल प्रबंधक के युवा व्यवसायी बेटे की बरेली में सड़क हादसे में मौत हो गई। रविवार देर रात यह हादसा तब हुआ जब बरेली में दोस्तों के साथ एक शादी में शामिल होकर घर लौटते वक्त बस को ओवरटेक करते हुए अंधेरे में डूबे डिवाइडर पर चढ़कर कार पलट गई। चार दोस्त भी इस हादसे में घायल हो गए।
विधायक केसर सिंह गंगवार का नवाबगंज में अशर्फी बरातघर है। रविवार रात इस बरातघर के मैनेजर अमित गंगवार का विवाह समारोह बरेली के एक बरातघर में था। नवाबगंज के मुख्य मार्ग पर स्थित लार्ड कृष्णा स्कूल के मालिक सुरेंद्र गुप्ता के 26 वर्षीय बेटे आकाश गुप्ता इसी शादी में शामिल होने रविवार शाम बरेली आए थे। उनके साथ उनके दोस्त सूर्या गंगवार, ऋषभ टंडन, अंकित गुप्ता और निक्कू गुप्ता भी गए थे। विवाह समारोह में खाना खाने के बाद रविवार रात दो बजे पांचों दोस्त नवाबगंज लौट रहे थे। सफेद रंग की क्रेटा कार सूर्या गंगवार की थी जिसे वह खुद चले रहे थे। फीनिक्स मॉल के पास एक रोडवेज बस को ओवरटेक करते हुए कार अचानक डिवाइडर से टकराई और उस पर चढ़ने के बाद पलट गई। बताया जा रहा है कि यह डिवाइडर अंधेरे में डूबा था और बदरंग हो जाने की वजह से उसका पेंट भी रिफ्लेक्ट नहीं कर रहा था। इसी वजह से डिवाइडर सूर्या को नहीं दिखा।
इस हादसे में आकाश गुप्ता की मौके पर ही मौत हो गई। उनके चारों दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पीछे से आए परिवार और कस्बे के लोग शव के साथ घायलों को रात में ही नवाबगंज ले गए। वहां घायलों को एकअस्पताल में भर्ती करा दिया गया। सोमवार को परिवार के लोगों ने पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर रहे थे। विधायक केसर सिंह सांत्वना देने पहुंचे और कानूनी औपचारिकता के लिहाज से पोस्टमार्टम कराने की सलाह दी। तब पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया गया। आकाश ट्रैक्टर पार्ट्स के प्रतिष्ठित व्यापारी भी थे। उनकी मां हृदेश गुप्ता, बहन मुस्कान और भाई प्रशांत गुप्ता का उनकी मौत से बुरा हाल है।