खराब रिजल्ट पर विश्वविद्यालय में फिर हंगामा
कुलसचिव ने एक सप्ताह के भीतर चैलेंज इवेल्यूशन के आवेदन शुरू कराने का दिया आश्वासन
अमर उजाला ब्यूरो
बरेली। बीएससी और एमएससी के खराब रिजल्ट को लेकर एमजेपी रुहेलखंड विश्वविद्यालय में बृहस्पतिवार को फिर हंगामा हुआ। छात्रों ने चैलेंज इवेल्यूशन की प्रक्रिया जल्द पूरी कराने की मांग की। कुलसचिव ने आश्वासन के बाद छात्र शांत हुए। कुलसचिव ने कहा कि एक सप्ताह के भीतर कॉपियों की रैंडम चेकिंग और चैलेंज इवेल्यूशन का काम शुरू कर दिया जाएगा।
इस बार बीएससी और एमएससी में बड़ी संख्या में छात्र फेल हुए है। छात्र इससे पहले भी विश्वविद्यालय में जबरदस्त हंगामा कर चुके हैं। उस वक्त विश्वविद्यालय प्रशासन ने कॉपियों की रैंडम चेकिंग और दोबारा कॉपी चेक कराने के लिए चैलेंज इवेल्यूशन कराने का आश्वासन दिया था मगर अभी तक यह प्रक्रिया शुरू नहीं हुआ है। चैलेंज इवेल्यूशन की फीस भी तय नहीं हो पाई है। गुरुवार को छात्रसंगठन युवांश के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुनील यादव के नेतृत्व में छात्रों ने विरोध प्रदर्शन किया। छात्र कुलसचिव एके अरविंद से मिले और जल्द चैलेंज इवेल्यूशन शुरू कराने की मांग की। कुलसचिव ने आश्वासन दिया कि इसी सप्ताह से चैलेंज इवेल्यूशन की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। इस मौके पर संगठन के जिलाध्यक्ष अभिषेक यादव, बंटू यादव, हितेश तिवारी, शुभम, अकिल, अरुण, अबरार, फरहान आदि लोग मौजूद रहे।
15 सौ ने आरटीआई तक मांगी कॉपियां
रिजल्ट को लेकर छात्र परेशान हैं। अब वह आरटीआई के माध्यम से भी अपनी कॉपियां देखने के लिए आवेदन कर रहे हैं। गुरुवार को 1500 से ज्यादा आवेदन आ चुके हैं। आरटीआई के तहत आवेदनों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है।
प्रैक्टिकल अंक न भेजने वाले कॉलेजों के रिजल्ट रोके जाएंगे
प्रैक्टिकल के अंकों के चक्कर में इस बार सेमेस्टर परीक्षाओं के रिजल्ट घोषित करने में दिक्कत आ रही है। विश्वविद्यालय ने तय कर लिया कि है शुक्रवार से रिजल्ट घोषित करना शुरू कर दिया जाएगा। जिन कॉलजों के प्रैक्टिकल के अंक नहीं आए होंगे उनके रिजल्ट रोक दिए जाएंगे। हालांकि नोटिस जारी होने के बाद कॉलेज तेजी से प्रैक्टिकल के अंक भेज रहे हैं। कार्यवाहक परीक्षा नियंत्रक वीके मौर्या ने बताया कि बीएससी होम साइंस के रिजल्ट को लेकर शुक्रवार को फैसला किया जाएगा। कुछ कॉलेजों ने प्रैक्टिकल के अंक भेज दिए हैं जिनके अंक नहीं आए हैं उनके रिजल्ट रोक दिए जाएंगे।