बरेली कॉलेज के ड्राइंग एंड पेंटिंग विभाग में पीजी फोरम के नाम पर वसूली का मामला सामने आया है। छात्रों से सौ रुपये की जगह तीन सौ रुपये वसूल लिए और उसकी रसीद भी नहीं दी। छात्रों की शिकायत के बाद प्राचार्य ने विभागाध्यक्ष को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। विभागाध्यक्ष पर बिना अनुमति अवकाश पर भी जाने का मामला है।
बरेली कॉलेज के सभी विभाग पीजी फोरम की फीस सौ रुपये लेते हैं। ड्राइंग एंड पेंटिंग विभाग में पिछले साल दो सौ रुपये और इस साल तीन सौ रुपये ली गई, जबकि इसकी रसीद भी नहीं दी गई। आरोप है कि दो सौ रुपये विभागाध्यक्ष ने अपने पास रख लिए। विभागाध्यक्ष डॉ. मंजू सिंह को प्राचार्य ने कारण बताओ नोटिस जारी किया है। इसके अलावा वह बिना अनुमति के अवकाश पर चली गईं। प्राचार्य ने जब फोन किया तो उन्होंने अवकाश पर होने की बात कही। इसके अलावा पंद्रह अगस्त के समारोह में भी वह शामिल नहीं हुईं। प्राचार्य ने उनसे इस पर भी स्पष्टीकरण तलब किया। प्राचार्य डॉ. अजय शर्मा ने बताया कि शिकायत आई थी इसलिए कारण बताओ नोटिस जारी किया है। दूसरी तरफ डॉ. मंजू सिंह ने कहा कि नोटिस का जवाब दे दिया जाएगा।
प्राचार्य ने विभागाध्यक्षों के साथ की बैठक
नियमित कक्षा संचालन को लेकर प्राचार्य डॉ. अजय शर्मा ने सभी विभागाध्यक्षों के साथ बैठक की। कहा कि जो भी छात्र आएं उनको पढ़ाया जाए। शिक्षक कक्षा संचालन पर अब फोकस करें। बैठक में अस्थायी शिक्षकों की नियुक्ति की बात भी उठी। प्राचार्य ने कहा कि इस पर जल्द फैसला हो जाएगा। अस्थायी शिक्षक न होने के कारण कक्षाएं सबसे ज्यादा प्रभावित हो रही हैं।
शिक्षकों की गाड़ियां खड़ी करने का जारी हुआ फरमान
प्रॉक्टोरियल बोर्ड ने शिक्षकों को गाड़ियां निर्धारित स्थान पर खड़े करने के निर्देश दिए हैं। कहा गया है कि डिपार्टमेंट में इधर उधर गाड़ी न खड़ी करें। वहीं एक शिक्षक ने फैसले पर कड़ा जवाब भी दे दिया। कहा कि वह अपनी गाड़ी तुड़वा लेंगे, पर गाड़ी मर्जी से ही खड़ी करेंगे।