बरेली। तीन सौ बेड अस्पताल में संचालित एआरवी क्लीनिक में दो साल में पहली बार सोमवार को 560 लोगों को एआरवी लगी। जो सामान्य दिन से दो गुना रही।
क्लीनिक प्रभारी डॉ. फैसल के मुताबिक मंगलवार से शनिवार तक प्रतिदिनि दो से ढाई सौ लोग एआरवी लगवाने पहुंचते हैं। रविवार को क्लीनिक बंद होने से सोमवार को भी अधिकतम तीन से सवा तीन सौ लोगों को वैक्सीन लगती है। इस सोमवार बड़ी तादाद में लोग एआरवी लगवाने पहुंचे। जिन्हें कुत्ते, बिल्ली, बंदरों ने काटा था। इससे शहर में पशुओं का हमला बढ़ने की आशंका है। लोगों को सावधानी बरतने की अपील की है। बताया कि जिन लोगों को वैक्सीन लगी, उसमें 99 फीसदी कुत्ते के काटने से जख्मी लोग रहे।
दूसरी ओर, क्लीनिक कक्ष के बाहर की कतार अस्पताल के प्रवेश द्वार तक पहुंच गई थी। पहले वैक्सीन लगवाने के लिए नोकझोंक होती रही। वहीं, फिजिशियन डॉ. विवेक ने बताया कि सर्दी, खांसी, बुखार के मरीजों की जांच की गई। मलेरिया, डेंगू के संदिग्ध 50 मरीजों की जांच हुई। ब्यूरो