डोरी लाल अग्रवाल स्पोर्ट्स स्टेडियम में चल रही डिस्ट्रिक्ट फुटबॉल लीग में बुधवार को महानगर ब्वॉयज और पीएसी ब्वॉयज ने अपनी-अपनी विपक्षी टीम को धो दिया। महानगर ने यंग ब्रदर्स को 5-0 से हराया, जबकि पीएसी ने स्पोर्टिंग फ्रेंड्स क्लब को 1-0 से मात दी।
डिस्ट्रिक्ट फुटबॉल एसोसिएशन की ओर से हुए पहले मैच में महानगर और यंग ब्रदर्स आमने-सामने रहे। दोनों टीम में टीन एजर्स और नए खिलाड़ी थे। अभिभावक भी मैच का आनंद लेने पहुंचे। पहले मिनट में महानगर ने गोल कर 1-0 की बढ़त बनाई। अजय मेहरा, अस्मित ने लगातार गोल कर 5-0 की बढ़त बनाकर जीत दिलाई। पूरे मैच में यंग ब्रदर्स की टीम फुटबॉल को गोल तक पहुंचाने में कई बार चूकी और हार का सामना करना पड़ा।
खिलाड़ी को गिराया तो मिली पेनाल्टी
दूसरे मैच में पीएसी ब्वायज ने स्पोर्टिंग फ्रेंड्स क्लब को बड़े नजदीकी मुकाबले में हराया। स्पोर्टिंग के साहिल ने पेनल्टी एरिया में गलत ढंग से पीएसी खिलाड़ी को गिराया, जिस पर रेफरी चंद्र कुमार यादव ने पीएसी को पेनल्टी दी और राहुल ने गोल में बदलकर 1-0 की बढ़त दिलाई। स्पोर्टिंग ने पूरे मैच में बेहतर प्रदर्शन किया, लेकिन गोल से चूक गए। संकेत अग्रवाल, मनू दीप पटेल, पीएसी के जीतू व विशाल निशाद का खेल सराहनीय रहा। मैच में अजय पाल सिंह, शमीम अहमद, सचिव मून रॉबिंसन, रेफरी डेविड मैसन, आनंद पाल, रजत पाल, अभिषेक, चंद्र कुमार, विपिन कुमार, सोनेंद्र श्रोतिया, ओपी कोहली, मुजाहिद व अन्य रहे।
आज के मैच
3 बजे- मैथोडिस्ट व पीएसी ब्वायज
5 बजे- यंग ब्रदर्स व यूथ फ्रेंड्स क्लब