कुआंडांडा। समाज कल्याण विभाग की ओर से ब्लॉक में शिविर लगाया गया। इसमें वृद्धावस्था पेंशन न मिलने की 47 शिकायतें आईं। दो लाभार्थियों को पहले से ही खाते में पेंशन का भुगतान हो रहा था, लेकिन उन्हें जानकारी नहीं थी। विभाग द्वारा उन्हें जानकारी देकर निस्तारण किया गया।
शिविर में आठ लाभार्थियों का आधार प्रमाणित न होने के कारण उन्हें पेंशन नहीं मिल रही थी। मौके पर तत्काल आधार प्रमाणित कर पेंशन शुरू कराई गई। दो लाभार्थियों का आधार प्रमाणीकरण नहीं हो पाया। उनके नाम, पता प्रमाणित करने के लिए सत्यापन के लिए सहायक विकास अधिकारी को जांच के निर्देश दिए। तीन लाभार्थियों की पेंशन ब्लॉक थी। ग्राम प्रधान व सचिव से सत्यापन कराकर पेंशन अनब्लॉक कराई गई। 13 शिकायतें ऐसे आई हैं, जिसमें आधार कार्ड प्रमाणीकरण ना होना पाया गया। आठ शिकायतों में एनपीसीआई मेपिंग की प्रक्रिया पूरी नहीं हुई थी। 10 लोगों को विधवा पेंशन तो दो लोगों को दिव्यांग पेंशन नहीं मिल रही थीं, जिसकी शिकायतें सुनकर संबंधित अधिकारियों को निस्तारण के लिए कहा गया है। संवाद