बरेली। मोदी सरकार की पांच साल की उपलब्धियां बताने के लिए आयोजित भाजपा की प्रेस कांफ्रेंस विवादों की भेंट चढ़ गई। मंच पर रखी कुर्सियों पर विधायकों के नाम की चिट न होने पर भोजीपुरा विधायक बहोरन लाल मौर्य भाजपा जिलाध्यक्ष रवींद्र सिंह राठौर पर बुरी तरह भड़क गए। बोले, जिन लोगों के नाम की चिट कुर्सियों पर है, उन्हें ही मंच पर बैठा लो। विधायक अगर नीचे कुर्सियों पर बैठ जाएंगे तो क्या फर्क पड़ जाएगा। बहोरन को बुरी तरह नाराज देखकर लोकसभा संयोजक संजीव अग्रवाल और दूसरे नेता उन्हें बमुश्किल मनाकर मंच पर लाए।
भाजपा के सिविल लाइन स्थित नए कार्यालय में बुधवार दोपहर 4.30 बजे आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में केंद्रीय मंत्री, सांसद, विधायक और पार्टी पदाधिकारियों को रहना था। मेयर डॉ. उमेश गौतम, सांसद धर्मेंद्र कश्यप, पार्टी जिलाध्यक्ष रविंद्र सिंह राठौर, विधायक डॉ. डीसी वर्मा और बहोरनलाल मौर्य समेत कुछ पदाधिकारी को तय समय से कुछ पहले ही पहुंच गए। मंच पर जो कुर्सियां पड़ी थीं, उनमें कुछ पर मेयर, जिलाध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री संतोष गंगवार समेत पांच नामों की तो चिट लगी थी। बाकी जो कुर्सियां खाली पड़ी थीं, उन पर पार्टी पदाधिकारियों ने कब्जा जमाए हुए थे। कुर्सी पर अपनेे नाम की चिट नहीं मिली तो भोजीपुरा विधायक बहोरनलाल मौर्य और मीरगंज विधायक डॉ. डीसी वर्मा सामने सबसे पीछे की कुर्सियां खींचकर बैठ गए। इसी बीच जब कार्यक्रम जब शुरू होने को हुआ तो किसी ने कहा कि विधायकों के नाम की चिट कुर्सियाें पर नहीं है, क्या वे मंच नीचे की कुर्सियों पर बैठेंगे।
इस पर जिलाध्यक्ष रविंद्र सिंह राठौर ने मंच से ही दोनों विधायकों को मंच पर बैठाने के लिए आवाज दी तो बहोरनलाल बुरी तरह भड़क गए। बोले- जब विधायकों के नाम की चिट नहीं लगी है तो विधायक मंच पर क्यों बैठेंगे। जिनके नाम की चिट लगी है, मंच पर वही लोग बैठें। विधायक जिलाध्यक्ष से बोले- आपकी हर बार यही व्यवस्था रहती है। अब आप मंच पर बैठो। हम लोग (बहोरनलाल और डीसी वर्मा) पीछे की कुर्सियों पर ही बैठे रहेेंगे। सांसद धर्मेंद्र कश्यप के हस्तक्षेप पर संजीव अग्रवाल समेत कुछ नेता दोनों विधायकों को मनाकर मंच तक ले गए और सम्मान सहित बिठाया। बाद में विधायक केसर सिंह भी आकर मंच पर ही बैठ गए।
मोदी सरकार की उपलब्धियां गिनाईं
सांसद धर्मेंद्र कश्यप ने प्रधानमंत्री मोदी सरकार की पांच साल की उपलब्धियां गिनाईं। कहा कि भारत सरकार ने उज्जवला, पीएम आवास, किसान सम्मान जैसी योजनाएं शुरू करके पंडित दीनदयाल उपाध्याय के अंत्योदय के सपने को साकार कर दिया है। अगली बार सरकार बनने पर किसी का भी घर कच्चा नहीं रहेगा। सबको बिजली, पानी, सड़क और रोजगार मिलेगा। कार्यक्रम में डा. केएम अरोड़ा, दुर्विजय सिंह शाक्य, उमेश कठेरिया, अनिल शर्मा, पवन शर्मा, आदेश प्रताप सिंह, चंचल गंगवार, नीलम जेठा, तृप्ति गुप्ता, मनोज यादव, अंकित शुक्ला, दिगंबर पटेल आदि मौजूद थे।
देर से पहुंचे संतोष, मांगी माफी
प्रेस कॉन्फ्रेंस साढ़े चार बजे शुरू होनी थी, लेकिन केंद्रीय श्रम एवं रोजगार मंत्री संतोष गंगवार करीब डेढ़ घंटे देरी से करीब छह बजे पहुंचे। देर से पहुंचने पर उन्होंने पहले तो माफी मांगी। प्रेस कॉन्फ्रेंस में ज्यादा कुछ बोले भी नहीं। इसके कुछ देर बाद ही प्रेस कॉन्फ्रेंस समाप्त कर दी गई।