भाजपा सरकारों ने जनता को ठगा : संजय सिंह
बरेली। देश व प्रदेश में भाजपा की सरकारों ने जिस तरह से झूठ, फरेब करके जनता को ठगा है उनके व्यापार एवं भविष्य को पाताल की ओर ले जाने का कार्य किया है। इस लिए भाजपा का पूंजीपतियों और भगोड़ों के प्रति प्रेम और उनकी नकारात्मक सोच के चलते देश की जनता में भाजपा के प्रति गहरा आक्रोश पनप रहा है।
यह बात कांग्रेस के पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं सांसद संजय सिंह ने कहा। वह यहां सर्किट हाउस में पत्रकारों बात कर रहे थे। उन्होंने कहा कि भाजपा ने जो वादे किए थे उससे मुकर गई। पिछले साढ़े चार साल में विकास की एक भी योजना धरातल पर लाने का काम नहीं किया। दो करोड़ नौकरियां, 15 लाख देने का वादा, राम मंदिर निर्माण सहित तमाम वादे खोखले साबित हुए। भाजपा ने सिर्फ साढ़े चार साल तक कांग्रेस पार्टी और गांधी परिवार को कोसने का काम किया। इससे भी आम जन में आक्रोश है और वह अपने भविष्य को सुरक्षित देखते हुए कांग्रेस के साथ खड़ा होना चाहती है।
उन्होंने कहा कि भाजपा की जन विरोधी नीतियों कुरीतियों के कारण ही 2019 में कांग्रेस पार्टी पुन: सत्ता में वापसी करेगी। राहुल गांधी की रैली से यह साबित हो जाएगा कि 2019 का लोक सभा चुनाव कांग्रेस के पक्ष में जाएगा। सवर्ण आरक्षण के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि उसे हमने भी स्वीकारा है समर्थन दिया है।