बरेली विकास प्राधिकरण की सीमा में 35 गांव और शामिल होंगे। इससे आने वाले कुछ दिनों में बड़े बदलाव दिखेंगे। नई टाउनशिप विकसित करने के साथ नियोजित विकास को विस्तार मिलेगा। नई कॉलोनियां विकसित हो सकेंगी।
बरेली की आंवला, फरीदपुर और सदर तहसील के 35 गांव विकास प्राधिकरण की सीमा में जल्द शामिल होंगे। महायोजना के अंतर्गत यह विस्तार होने जा रहा है। इन्हें शामिल करने की मौखिक घोषणा बहुत पहले की गई थी, लेकिन अधिसूचना नहीं हो सकी थी। अब चुनाव आचार संहिता लागू होने से पहले ही अधिसूचना जारी होने की उम्मीद जताई जा रही है। इस संबंध में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शासन स्तर से आपत्तियों को भी दूर कराया गया है।
विज्ञापन
शासन स्तर से अगर अधिसूचना जारी हो जाती है तो आने वाले कुछ दिनों में बड़े बदलाव दिखेंगे। नई टाउनशिप विकसित करने के साथ नियोजित विकास को विस्तार मिलेगा। नई कॉलोनियां विकसित हो सकेंगी। बीडीए के सचिव योगेंद्र कुमार कहते हैं कि इन गांवों में बीडीए विकास कराएगा। सड़कें बनेंगी। जल निकासी के इंतजाम होंगे। इन गांवों के क्षेत्र में अगर कोई नया मकान बनाना चाहता है तो उसे प्राधिकरण से नक्शा पास कराना पड़ेगा। अधिसूचना की प्रक्रिया शासन स्तर पर है।
बीडीए सचिव योगेंद्र कुमार ने बताया कि रजऊ परसपुर में औद्योगिक विकास हो रहा है लेकिन बीडीए चाहकर भी काम नहीं करा पाता है। अब अधिसूचना होने के बाद रजऊ परसपुर ही नहीं 35 गांवों में विकास के नए रास्ते खुलेंगे।