बरेली। रुहेलखंड विश्वविद्यालय से संबद्ध 30 से ज्यादा कॉलेजों पर ताला लग सकता है। मानक पूरे किए बगैर चल रहे इन महाविद्यालयों की मान्यता खत्म करने की तैयारी की जा रही है। कार्रवाई की भनक लगने के बाद चिह्नित कॉलेज भी मानक पूरे करने में जुट गए हैं।
दरअसल, चिह्नित किए कॉलेजों पर विद्यार्थियों को गुमराह करने का भी आरोप है। इन कॉलेजों में विद्यार्थियों की संख्या काफी कम है, लेकिन फिर भी वे कॉलेज में मानक पूरे न होने की वजह से कई बार परीक्षा फार्म भरने से वंचित रह जाते हैं। उनके दाखिले की प्रक्रिया भी कॉलेज स्तर पर ठीक से पूरी न किए जाने की शिकायतें हैं। इसीलिए अब विश्वविद्यालय ऐसे महाविद्यालयों पर कार्रवाई करने जा रहा है। पिछले साल 14 कॉलेजों पर विश्वविद्यालय कार्रवाई कर चुका है। अब 30 कॉलेजों पर कार्रवाई की तैयारी है। विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. केपी सिंह का कहना है कि मानक पूरे नहीं करने वाले कॉलेजों पर कार्रवाई की तैयारी चल रही है। गलत काम बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।