बरेली। अग्रवाल सभा कल्याण सोसाइटी के दो दिवसीय वैवाहिक परिचय सम्मेलन की शुरूआत बुधवार को भगवान श्रीगणेश व मां महालक्ष्मी की पूजा के साथ हुई। सम्मेलन में उत्तर प्रदेश के साथ ही दिल्ली, मध्य प्रदेश, राजस्थान, उत्तराखंड से भी लोग आए। 440 युवक-युवतियों ने रजिस्ट्रेशन कराए थे, इनमें 285 का परिचय हुआ।
मुख्य अतिथि सांसद छत्रपाल सिंह ने कहा कि अग्रवाल समाज सदैव दूसरों के परोपकार की बात करता है, समाज का संकल्प सामाजिक समरसता को बढ़ावा देने का रहता है। वनमंत्री डॉ. अरुण कुमार ने कहा कि दहेज रूपी कुरीति को दूर करने के लिए ली गई शपथ अच्छे परिणाम देगी, उन्होंने नारी शक्ति के सशक्तीकरण पर भी जोर दिया।
परिचय सम्मेलन के बाद शाम को कलाकारों की ओर से रासलीला का मंचन किया गया। संगठन के मीडिया प्रभारी हर्ष अग्रवाल ने बताया कि बृहस्पतिवार को दोपहर में 75 वर्ष की आयु पूरी कर चुके अग्रवाल समाज के वरिष्ठ नागरिकों का सम्मान किया जाएगा। इस दौरान संयोजक प्रदीप अग्रवाल, कोषाध्यक्ष दिनेश अग्रवाल, पंकज अग्रवाल, देवेश अग्रवाल, राज कुमार अग्रवाल, पराग अग्रवाल, कमल कुमार गोयल, आनंद गोयल, संजय गोयल आदि मौजूद रहे। संवाद