फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

नशे में चालक ने दौड़ाया ट्रक, बेकाबू होकर दुकानों पर चढ़ा, छह लोग घायल

विज्ञापन
हादसे के बाद जेसीबी से ट्रक हटवाती पुलिस। - फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, बरेली
विज्ञापन

मचा हड़कंप, ट्रक के नीचे से लोगों को खींचकर निकाला, ट्रक के नीचे लोगों के दबे होने का मचा शोर
विज्ञापन

सीओ सिटी समेत कई थानों की पुलिस पहुंची, तीन घंटे बाद दो क्रेनों से हटाया ट्रक तो हुई आशंका दूर

बरेली। बुखारा-फरीदपुर रोड पर शनिवार दोपहर बड़ा हादसा बच गया। खाद की बोरियों से भरा ट्रक मानपुर चिकटिया तिराहे पर सड़क किनारे बनी अस्थायी दुकानों को रौंदता हुआ पेड़ से टकरा गया। मौके पर मौजूद दुकानदार और ग्राहक समेत छह लोग चपेट में आकर घायल हो गए। मौके पर शोर मचा तो ड्राइवर भाग गया। लोगों के मुताबिक वह नशे की हालत में था। क्षतिग्रस्त ट्रक के नीचे कुछ अन्य के दबे होने की आशंका जताते हुए ग्रामीण गुस्साए तो सीओ सिटी समेत कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। तीन घंटे बाद क्रेन से ट्रक हटाया तो लोगों ने चैन की सांस ली।
शनिवार पूर्वाह्न 11 बजे मानपुर चिकटिया तिराहे पर रोज की तरह चहलपहल थी। इस बीच बुखारा से फरीदपुर जा रहा खाद से भरा ट्रक तेज रफ्तार से अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे फड़ों व अस्थायी दुकानों को रौंदता हुआ पेड़ से टकराकर रुक गया। इस घटना से अफरातफरी मच गई। फड़ व दुकानें पूरी तरह नष्ट हो गईं तो कई लोग ट्रक के नीचे फंस गए। तत्काल ही आसपास दुकानों से लोग मदद को दौड़ पड़े और खींचकर लोगों को बाहर निकाल लिया। ट्रक की चपेट में आने वाले समोसा विक्रेता हरदुआ गांव निवासी नरेश, उनके बेटे सत्येंद्र व विपिन, पड़ोस में क्लीनिक चलाने वाले रामसिंह, टेंट हाउस कर्मचारी राजपाल और फल विक्रेता कृष्ण कुमार घायल हो गए। उन्हें तत्काल जिला अस्पताल भेजा गया। हालांकि अधिकांश मरहमपट्टी के बाद घर भेज दिए गए।
विज्ञापन
विज्ञापन

नरेश की समोसे की दुकान, दीनदयाल की पान की दुकान व अवधेश की साइकिल मरम्मत की दुकान भी चपेट में आकर पूरी तरह नष्ट हो गई। सड़क से नीचे उतरे ट्रक के आगे के पहिये निकलकर अलग हो गए। इससे ट्रक का इंजन जमीन से छू गया। उसके नीचे एक साइकिल दबी दिख रही थी। यह पता नहीं लग पा रहा था कि इसके नीचे कोई दबा है या नहीं। ग्रामीणों में गुस्सा भर गया और वह सड़क पर एकत्र होने लगे। मौके पर पहुंचे इंस्पेक्टर कैंट धर्मेंद्र कुमार ने स्थिति बिगड़ती देखी तो अधिकारियों को सूचना दे दी। थोड़ी देर में सीओ सिटी दिलीप सिंह, सदर कोतवाल गीतेश कपिल, फरीदपुर, बिशारतगंज, भमोरा थानों की पुलिस भी मौके पर आ गई। ग्रामीणों को शांत कर क्रेन मंगाई गई और दोपहर दो बजे ट्रक को हटाया जा सका।

अवधेश बोला- आंखों के सामने छा गया मौत का डर

साइकिल मिस्त्री अवधेश ने बताया कि वह दुकान पर बैठे साइकिल की मरम्मत कर रहे थे। अचानक ट्रक को अपनी ओर आते देखा तो आंखों के सामने मौत का डर छा गया। कूदकर अपनी जान बचाई तो दो ग्राहकों को भी धक्का देकर हटा दिया। बोले- ईश्वर का लाख शुक्र है जो सभी की जान बच गई।

ट्रक मालिक पर भी ग्रामीणों का गुस्सा

पिछले दिनों 24 नवंबर को मानपुर चिकटिया निवासी लीलाधर के 14 साल के बेटे दीपांशु की ट्रक से कुचलकर मौत हो गई थी। वह अपने पिता को स्पेलर पर खाना देकर साइकिल से जा रहा था। बच्चे के मामा वीरेश श्रीवास्तव का कहना था कि वह ट्रक भी आज वाले ट्रक के मालिक रविंद्र का था। उस दिन दूसरा ड्राइवर ट्रक चला रहा था जो नशे में था। कहा कि नौसिखिये ड्राइवरों को ट्रक की कमान सौंप दी जाती है। ऐसे ड्राइवर कम पगार में मिल जाते हैं जो अक्सर हादसे कर बैठते हैं। इसी वजह से ट्रक मालिक रविंद्र पर ग्रामीणों का गुस्सा ज्यादा था।

खूनी हुआ तिराहा, डिवाइडर बनाएं

स्थानीय व्यापारी रामरहीस श्रीवास्तव व अन्य ने बताया कि मानपुर चिकटिया का आधा किमी का यह क्षेत्र अभिशप्त हो गया है। यहां आए दिन हादसे होते हैं और महीने में एक-दो जान जाना सामान्य बात हो गई है। दरअसल कैंट क्षेत्र से गुजरते वक्त टोल टैक्स से बचने की कोशिश में शाहजहांपुर दिशा के ट्रक व अन्य वाहन इधर से ही निकाले जाते हैं। इसकी वजह से यह संपर्क मार्ग दिन रात व्यस्त रहता है। इन लोगों ने सीओ सिटी से मांग की कि यहां डिवाइडर बना दिया जाए ताकि वाहन तेज गति से न गुजरें।

गनीमत रही कि सड़क हादसे में कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ। जिस तरह ट्रक की स्थिति थी, लग रहा था कि काफी नुकसान हुआ होगा। घायलों की हालत भी ठीक है। पुलिस ट्रक ड्राइवर की तलाश कर रही है। वह घबराकर भाग गया है। - दिलीप सिंह, सीओ सिटी

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें