नाथनगरी एयर टर्मिनल : हवाई अड्डे के जरूरी काम लटके, विशेष सचिव से मांगा बजट
बरेली। नाथनगरी एयर टर्मिनल को मार्च में शुरू करने की तैयारी के बीच बजट न मिलने से देरी हो रही है। इसे लेकर एसएलएलओ ने विशेष सचिव नागरिक उड्डयन से वार्ता की है। साथ ही इस मामले को लेकर वह 21 जनवरी को उनसे मुलाकात करने के लिए भी जा रहे हैं।
हवाई अड्डे पर मार्च से उड़ान सेवाओं को शुरू करने का टारगेट लेकर काम कराए जा रहे हैं, लेकिन दिक्कत यह आ रही है कि एयरपोर्ट पर अब तक बिजली लाइन, पानी सप्लाई, रोड आदि जरूरी कामों को नहीं कराया जा सका है। जबकि इसके लिए संबंधित विभागों को करीब 2.31 करोड़ रुपये का भुगतान किया जाना है। इन कामों को शुरू कराने में लगातार देरी के बीच इस प्रोजेक्ट के नोडल विशेष भूमि अध्यापित अधिकारी सुल्तान अशरफ सिद्दीकी ने नागरिक उड्डयन के विशेष सचिव सूर्यपाल गंगवार से फोन से वार्ता की है। उन्होंने यह बताया कि संबंधित प्रस्ताव भेजे गए काफी समय बीत गया है लेकिन बजट न मिलने से विभाग काम भी नहीं शुरू कर पा रहे। एसएलएओ ने बताया कि इन कार्यों के लिए जल्द से जल्द धनराशि आवंटित हो सके, इसके लिए वह खुद भी विशेष सचिव सूर्यपाल गंगवार से मिलने के लिए जा रहे हैं।