पुलिस विभाग में सिपाही और समकक्ष पदों पर भर्ती की परीक्षा पहले दिन अधिकांश केंद्रों पर शांतिपूर्वक निपट गई। कैंट क्षेत्र के एक केंद्र से बिजनौर का एक अभ्यर्थी ऑफिस कॉपी ही लेकर चला गया। उसके खिलाफ कैंट थाने में रिपोर्ट कराई गई है। परीक्षा को लेकर खासी सख्ती रही। करीब 24 फीसदी अभ्यर्थियों ने परीक्षा छोड़ दी।
जिले में कुल 36 केंद्रों पर परीक्षा हुई। इनमें अधिकांश केंद्र शहर के बाहरी हिस्सों और कस्बों के निजी कॉलेजों में बनाए गए थे। पहले दिन शाम की पाली में ही परीक्षा होनी थी, इसमें 21360 अभ्यर्थी नामांकित थे। इनमें से 16309 ने ही परीक्षा दी।
डीजी प्रेमप्रकाश ने मानसी पब्लिक स्कूल, शिव ज्ञान इंटर कॉलेज, उत्कर्ष स्कूल ऑफ मैनेजमेंट आदि परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाएं देखीं। आईजी ने भी शहर के अलावा रिठौरा आदि स्थानों पर बने केंद्रों पर परीक्षा का जायजा लिया। अधिकांश स्थानों पर परीक्षा शांतिपूर्ण तरीके से निपट गई।
नोडल अधिकारी सुभाष चंद्र गंगवार ने बताया कि आंसर शीट तीन प्रतियों में है। इनमें एक और दो नंबर की प्रतियां जमा करनी होती हैं जबकि तीसरी प्रति अभ्यर्थी साथ ले जाता है। ठिरिया निजावत खां के फैज-ए-आम सकलैनिया गर्ल्स इंटर कॉलेज में बिजनौर के नूरपुर से आया परीक्षार्थी अमित पुत्र वीर सिंह अपनी दूसरे नंबर वाली ऑफिस कॉपी लेकर निकल गया। यह धोखे में हुआ या उसने जानबूझकर किया, इसकी जांच की जाएगी। उसके खिलाफ कैंट थाने में रिपोर्ट करा दी गई है।