बरेली। बरेली कॉलेज में लॉ की परीक्षा में सोमवार को स्थायी केंद्र होने के चलते कड़ी निगरानी के बावजूद तीन नकलची पकड़े गए। चीफ प्रॉक्टर वंदना शर्मा निगरानी के खुद अपनी टीम के साथ चेकिंग करती रहीं। बताते हैं कि एक नकलची ऑलपिन से जूते में नकल फंसाकर लाया था। जो चेकिंग के दौरान धरा गया।
बरेली कॉलेज को विश्वविद्यालय ने स्वकेंद्र बनाया है। पिछले साल यहां नकल पकड़ने जाने के बाद विद्यार्थियों ने हंगामा किया था। बताया जा रहा है कि सीसीटीवी से ऑनलाइन निगरानी भी नहीं की जा रही है। सोमवार को प्राचार्य डॉ. अजय कुमार शर्मा, चीफ प्रॉक्टर डॉ. वंदना शर्मा और डीएसडब्ल्यू डॉ. राजीव मल्होत्रा समेत प्रॉक्टोरियल बोर्ड की तमाम टीम डेरा डाले रहीं। सूचना मिली थी कि कमरा संख्या 27, 31, 26 में कुछ छात्रनेता नकल के लिए पर्ची लेकर पहुंच रहे हैं। प्रत्येक परीक्षार्थी की गहन चेकिंग हुई। परीक्षा के दौरान कमरा संख्या 8, 11, 15 में तीन नकलची धरे गए।
नहीं पहुंच रही विश्वविद्यालय की स्क्वॉड टीम
परीक्षा में हर दिन नकलची पकड़े जा रहे हैं लेकिन विश्वविद्यालय की ओर से नकलचियों की धरपकड़ के लिए गठित की गई स्क्वॉड टीम सोमवार को भी बरेली कॉलेज व अन्य कॉलेजों में चेकिंग के लिए नहीं पहुंची। बता दें कि दो दिन पहले एपीएम और बरेली कॉलेज में एक-एक नकलची पकड़ा गए थे। वहीं, अब एक ही कॉलेज से तीन नकलची पकड़े गए हैं। एपीएम कॉलेज में छात्र रुमाल पर नकल लिखकर लाया था।