‘स्वस्थ होगी मां तो खुशहाल होगा परिवार’
- फोटो : अमर उजाला, बरेली
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिसौली में अमर उजाला के अपराजिता कार्यक्रम के तहत कार्यशाला, महिलाओं को दी गई स्वास्थ्य एवं बाल पोषण की जानकारी
बिसौली (बदायूं)। अमर उजाला फाउंडेशन के अपराजिता-100 मिलियन स्माइल्स कार्यक्रम के तहत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिसौली में ‘बाल एवं महिला स्वास्थ्य कार्यशाला’का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में आए मुख्य अतिथि तहसीलदार राजेंद्र प्रसाद चौधरी ने कहा कि महिलाएं परिवार की अहम कड़ी होती हैं। अगर हम इनका ही ध्यान नहीं रखेंगे और उन्हें जागरूक नहीं करेंगे, तो परिवार कैसे खुश रहेगा। महिलाएं स्वस्थ होंगी, तो परिवार भी खुश रहेगा। खासकर गर्भवती महिलाओं को पौष्टिक भोजन, दूध, फल आदि देने की आवश्यकता है।
गुरुवार को हुए कार्यक्रम में श्री चौधरी ने कहा कि सरकार की ओर से महिलाओं के लिए कई कार्यक्रम और योजनाएं चलाई जा रहीं हैं। प्रत्येक माह पोषाहार वितरित किया जाता है। जिससे गर्भवती महिलाएं स्वस्थ्य रहें और वे स्वस्थ बच्चों को जन्म दें। अगर हम शुरुआत में ही सब बातों का ध्यान रखेंगे तो आगे चलकर परेशानी नहीं आएगी। विशिष्ट अतिथि प्रभारी चिकित्साधीक्षक डॉ. नागेंद्र यादव ने कहा कि मां और शिशु का समय-समय पर चेकअप कराएं, साफ-सफाई रखें। उनको संतुलित आहार दें। गर्भवती और धात्री महिलाओं के साथ-साथ छह वर्ष तक के बच्चों को आंगनबाड़ी केंद्रों पर पौष्टिक आहार मिलता है। इस मौके पर राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के ब्लॉक कार्यक्रम प्रबंधक कौशल शर्मा, राजीव सक्सेना और केशव शर्मा ने भी अपने विचार व्यक्त किए। इसके बाद सभी महिलाओं ने समाज में जागरूकता लाने की शपथ ग्रहण की।