बरेली। स्वास्थ्य विभाग, बेसिक शिक्षा और खाद्य सुरक्षा व औषधि प्रशासन ने बाजार में राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण अधिनियम के तहत संयुक्त छापामारी कर दो दुकानदारों पर जुर्माना लगाया। साथ ही अन्य कारोबारियों को चेतावनी दी कि वे गैर कानूनी सिगरेट की बिक्री न करें, अन्यथा कड़ी कार्रवाई होगी।
शनिवार दोपहर तीन विभागों की टीम नोडल अधिकारी पीएस आनंद के नेतृत्व में श्यामगंज बाजार पहुंची। टीम ने जय माता दी जनरल स्टोर और जुनेजा ट्रेडर्स (आसाम टी कंपनी के पास) पर चेकिंग की। वहां पर बड़ी तादाद में विदेशी सिगरेट अवैध स्टाक मिला। नोडल अफसर ने इन दोनों दुकानदारों पर 1200-1200 रुपये जुर्माना लगाया और दोबारा स्टाक मिलने पर कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी। छापामारी की खबर मिलते ही बाजार में हड़कंप मच गया और दुकानें बंद होने लगी। पुलिस बल के साथ हुई चेकिंग में टीम ने वैध सिगरेट सूची वितरित की, साथ ही कहा कि इसके अलावा कोई अन्य ब्रांड की सिगरेट मिली तो खैर नहीं। कंचन कनौजिया, सुरजीत सिंह, मोनिका गुप्ता, कमल कुमार आदि चेकिंग में शामिल रहे।