बरेली। हिस्ट्रीशीटर पाताराम की सरेशाम हत्या के बाद रामगंगा किनारे के गांवों में अवैध खनन पर प्रशासन हरकत में आ गया है। एडीएम फाइनेंस मनोज कुमार पांडेय ने खनन अधिकारी एवं एसडीएम सदर को नोटिस जारी कर कैंट इलाके के रामगंगा नदी से लगे गांवों में अवैध खनन पर रिपोर्ट मांगी है। एडीएम ने कहा कि इन गांवों में सात सदस्यीय टास्क फोर्स महीने में दो बार औचक छापामारी कर खनन रुकवाएगी।
बभिया के बदमाश पाताराम की हत्या के बाद अवैध खनन पर चुप्पी साधे प्रशासन अचानक हरकत में आ गया। एडीएम फाइनेंस मनोज कुमार पांडेय ने खनन अधिकारी शिवी सिंह से बभिया समेत कैंट थाने में आने वाले गांवों से खनन निकासी की रिपोर्ट मांगी। एसडीएम सदर और तहसीलदार से भी कैंट क्षेत्र के खनन निकासी वाले गांवों का ब्योरा देने को कहा गया है। रामगंगा किनारे गांव बभिया, चौबारी, हिंडौलिया, भोलापुर, सरदार नगर, कोहनी, बानपुर, रोंधी मिलक, अंगुरी, बिरिया नरायनपुर, सरायतल्फी आदि में रोजाना होने वाले अवैध खनन पर अब प्रशासनिक टीम महीने में कम से कम दो बार अचानक निरीक्षण करेगी। एडीएम फाइनेंस ने बताया कि एसडीएम सदर और सीओ सिटी अपनी निगरानी में छापामारी कर पुलिस की मदद से अवैध खनन निकासी बंद कराएंगे। सात सदस्यीय जिला स्तरीय टास्क फोर्स अवैध खनन में पकड़े जाने वाले माफियाओं की समीक्षा करेगी। उनको पकड़कर ऐसे खनन माफियाओं पर मुकदमा पंजीकृत कराकर जेल भेजा जाएगा।