बरेली। जिला निर्वाचन अधिकारी वीरेंद्र कुमार सिंह ने रविवार को अधिकारियों की बैठक में युद्धस्तर पर चुनावी तैयारियों में जुटने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि जिन अधिकारियों को चुनाव में नोडल अधिकारी की जिम्मेदारी दी गई है, वे पूरी तत्परता से उसमें जुटें।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने कलक्ट्रेट सभागार में हुई बैठक में चुनावी तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने उप निदेशक कृषि को निर्देश दिए कि मानकों के अनुसार स्टेशनरी, किट आदि सामग्री को तत्काल संबंधित आरओ, एआरओ को उपलब्ध कराएं। उप निदेशक कृृषि ने बताया कि सामग्री की व्यवस्था कर ली गई है। जिला निर्वाचन कार्यालय को निर्देश दिए गए कि चुनाव के दौरान आने वाले आर्ब्जवर के लिए बुकलेट तैयार कर ली जाए।
बीएसए को शिक्षामित्रों की ड्यूटी निर्वाचन कार्य में लगाने के लिए उनकी सूची उपलब्ध कराने को कहा गया। सिविल डिफेंस अधिकारी को निर्वाचन ड्यूटी के लिए कार्यकर्ताओं की सूची उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। जिला पंचायत राज अधिकारी को वीडियोग्राफी में सफाई कर्मियों की ड्यूटी न लगाने की हिदायत दी। उनके बजाय यह काम रोजगार सेवकों से कराने को कहा। सहायक प्रभारी स्वीप को निर्देश दिए कि मतदाता जागरूकता अभियान में और तेजी लाई जाए। जिला सूचना विज्ञान अधिकारी कमलेश शर्मा को माइक्रो आब्जर्वर के लिए तेज तर्रार अधिकारियों की ड्यूटी लगाने को कहा। डीएम ने टेंट, बैरीकेडिंग और पूर्वाभ्यास प्रबंध कराने, नामांकन, प्रशिक्षण, मतदान कार्मिकों के जाने और वापस आने, स्ट्रांग रूम आदि की व्यवस्था संबंधित नोडल अधिकारी को पहले से सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया। बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व), एसीएम प्रथम, द्वितीय, तृतीय, आरओ सहित नोडल अधिकारी शामिल रहे।