हज कमेटी ऑफ इंडिया ने 2019 की हज यात्रा के लिए एक्शन प्लान जारी कर दिया है। इसमें इस बार हज यात्रियों का कोटा भी बढ़ाकर एक लाख 80 कर दिया गया है, जो पिछले साल एक लाख 75 हजार 25 का था। इसके लिए फार्म भरने की प्रक्रिया 18 अक्तूबर से 17 नवंबर तक चलेगी, जो बृहस्पतिवार से प्रारंभ हो गई है।
बरेली हज सेवा समिति की संस्थापक पम्मी खां वारसी ने बताया कि हज यात्रा के फार्म ऑन लाइन व ऑफ लाइन दोनों तरह से भरे जा सकते हैं। दिसंबर के आखिरी सप्ताह में कुरांदाजी की रस्म (लॉटरी सिस्टम) होगी। खादिमुल हुज्जाज का परीक्षण जनवरी 2019 में होगी। हज यात्रा की पहली किस्त जनवरी के पहले सप्ताह से जमा होना शुरू होगी। मेडिकल सर्टिफिकेट और पे इन स्लिप 15 जनवरी से 31 जनवरी तक जमा होंगे। महिला हज यात्रियों के लिए कोटे के फार्म मार्च तक भरे जाएंगे। हज यात्रा की दूसरी किस्त 15 अप्रैल तक जमा होगी। एक जुलाई से हज यात्रा शुरू हो जाएगी और 10 अगस्त को हज का फर्ज अदा होगा।
समिति के अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री हाजी अताउर्रहमान ने कहा है कि एक्शन प्लान जारी होने के साथ ही समिति ने भी हज यात्रियों की सेवा के लिए तैयारियां शुरू कर दी हैं। हज यात्रा में जाने वाले आजमीन को फ्री फार्म भरवाए जाएंगे। साथ समय समय पर हज से संबंधित जानकारी भी उपलब्ध कराई जाएगी। इस बार हज यात्रा के लिए एक साथ पांच लोग फार्म भर सकेंगे। ग्रीन कैटेगरी का नाम भी बदला गया है जो अब नो ट्रांस्पोर्ट एंड कुकिंग जोन के नाम से जाना जाएगा।