बरेली। भमोरा क्षेत्र में बदायूं फोरलेन पर एक्सीडेंट में युवक की मौत के मामले में जाम लगाने वालों पर भी रिपोर्ट दर्ज होगी। पुलिस ने पेट्रोल पंप के सीसीटीवी कैमरों से फुटेज ले लिए हैं। हादसा भी सीसीटीवी में कैद हो गया है, इससे ट्रक ड्राइवर के खिलाफ शिकंजा मजबूत होगा।
बरेली-आगरा फोरलेन पर शनिवार सुबह हादसे के बाद भीड़ ने जबर्दस्त जाम लगा दिया। वो पुलिसवालों की बात सुन ही नहीं रहे थे। एक दरोगा से तकरार हुई तो पुलिसकर्मी का कॉलर पकड़कर खींच लिया। एसडीएम बिशु राजा के समजाने पर भी भीड़ बार-बार उग्र हो रही थी। एसपी देहात आए तो पुलिस ने लाठियां फटकार कर भीड़ को हटाया। बाद में एसपी देहात और एसडीएम ने परिवार के कुछ लोगों को समझाकर मना लिया। इससे पहले बस में आग लगाने की धमकी दी गई। शीशे तोड़े तो यात्रियों में चीखपुकार मच गई। बसों में बैठे बच्चे सहम गए। अराजकता के इस मामले में पुलिस अब कार्रवाई करने जा रही है। एसपी देहात डॉ. संसार सिंह ने बताया कि मृतक परिवार के प्रति पूरी संवेदना है पर इस तरह आवागमन प्रभावित कर दहशत फैलाना सही नहीं है। पुलिस के पास काफी साक्ष्य हैं। भीड़ पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी। प्रभारी एसओ प्रदीप कुमार ने बताया कि कार्रवाई के बारे में अधिकारियों से विमर्श कर रहे हैं।
अविवाहित था नितिन
बदायूं के बजरंग नगर निवासी नितिन अविवाहित था। चार भाइयों में वो सबसे छोटा था। परिवार में पिता चंद्रपाल और मां राजश्री हैं। वह काफी समय से फूलों का काम करता था। कई जगह खेतों से सीधे थोक में फूल खरीदता था और बदायूं में घंटाघर के पास फड़ लगाकर बेचता था।