बरेली। बरेली-मुरादाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन के लिए मंगलवार को नामांकन का अंतिम दिन रहा। 29 सितंबर से चल रही नामांकन प्रक्रिया के दौरान कुल 17 प्रत्याशियों ने 29 पर्चे दाखिल किए। बुधवार को नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी।
अंतिम दिन मंगलवार को अपर आयुक्त प्रशासन/एआरओ प्रीति जायसवाल की उपस्थिति में नामांकन हुआ। मंगलवार को राजेंद्र कुमार गंगवार, रेनू मिश्रा, गुरुजी संजय कुमार मिश्र, राज कुमार सिंह, हरेंद्र सिंह ने नामांकन किया। पूर्व में विमलेंद्र कुमार शर्मा, राजीव कुमार, नरेश कुमार शर्मा, डाॅ. हरी सिंह ढिल्लो, रमेशचंद्र, बहार आलम, रोहित अल्ताफ, विद्युत कुमार, सुनीत गिरि, हाजी दानिश अख्तर, नाज रिजवी, नेत्रपाल ने नामांकन किया।
इनमें से डाॅ. हरी सिंह ढिल्लो को भाजपा व हाजी दानिश अख्तर को सपा का समर्थन है। शेष 15 प्रत्याशी निर्दलीय हैं। नामांकन पत्रों की समीक्षा सात अक्तूबर व नाम वापसी नौ अक्तूबर को होगी। मतदान 23 अक्तूबर को सुबह आठ से अपराह्न चार बजे तक होगा। मतगणना 27 अक्तूबर को होने के बाद निर्वाचन प्रक्रिया 31 अक्तूबर को पूरी होगी।
......
पर्यवेक्षक से इस नंबर पर कर सकते हैं शिकायत
अपर आयुक्त प्रशासन/एआरओ प्रीति जायसवाल ने बताया कि शिक्षक एमएलसी के पर्यवेक्षक जीएस नवीन सर्किट हाउस में चार नंबर कमरे में मौजूद हैं। किसी उम्मीदवार को कोई शिकायत करनी हो तो सुबह 10 से 11 बजे तक उनसे संपर्क कर सकते हैं। 0581-2991250 पर कॉल करके भी शिकायत दर्ज करा सकते हैं।
...
जूम मीटिंग से परखीं तैयारियां बरेली। बरेली-मुरादाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन-2026 की तैयारियों को लेकर मंगलवार को आयुक्त सभागार से जूम मीटिंग हुई। प्रेक्षक आईएएस नवीन कुमार जीएस की अध्यक्षता में हुई बैठक में बरेली, बदायूं, पीलीभीत, शाहजहांपुर, रामपुर, मुरादाबाद, बिजनौर, अमरोहा व संभल के जिलाधिकारी/सहायक रिटर्निंग अधिकारी व वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शामिल हुए। प्रेक्षक ने निर्वाचन के दौरान आदर्श आचार संहिता का पालन सुनिश्चित कराने, मतदान कार्मिकों की समय से ट्रेनिंग कराने व बूथवार पुलिस बल की तैनाती पूरी करने के निर्देश दिए। प्रत्येक बूथ पर आयोग के निर्देशानुसार वीडियोग्राफी कराने को भी कहा गया। ब्यूरो