बरेली। देश की सीमा को दुश्मनों से रक्षा करने वाले हिमवीरों ने पर्यावरण संरक्षण के लिए अनोखी पहल शुरू की है। बुखारा कैंप आईटीबीपी द्वितीय कमान मुख्यालय के हिमवीरों ने पौधों को गोद लेकर उनके देखभाल का संकल्प लिया है। मंगलवार को इस बाबत कैंपस में करीब दो दर्जन से अधिक हिमवीर परिवारों ने पौधरोपण कर उसे गोद लिया।
उप महानिरीक्षक एपीएस निम्बाडिया ने पहल की शुुरुआत की। उन्होंने कहा, नई पीढ़ी को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करने के लिए पौधों को गोद लेने की पहल शुरू हुई है। इससे कैंपस को हरा-भरा बनाने में भी सहयोग मिलेगा। मंगलवार को सहायक उपनिरीक्षक (एएनएम) निशा कुमारी, एएसआई (दूरसंचार) कन्हैया कुमार, हेड कांस्टेबल (दूरसंचार) कपिल कुमार, एएसआई (दूरसंचार) अशोक कुमार सिंह, कांस्टेबल जीडी अक्षय कुमार, कांस्टेबल जीडी पूनम, एएसआई सीए अमित, एएसआई ईएससी नेहा समेत अन्य दस परिवारों ने भी बुखारा कैंप परिसर में पौधरोपण कर एक-एक पेड़ गोद लिया। उन्होंने शहरवासियों से पौधों को गोद लेकर उसके संरक्षण की अपील की है।