गणित की परीक्षा निपटी, विज्ञान को लेकर अलर्ट
- फोटो : अमर उजाला, बरेली
बरेली। यूपी बोर्ड में सोमवार को इंटरमीडिएट गणित की परीक्षा कड़ी निगरानी के बीच हुई। डीआईओएस अचल कुमार मिश्रा सचल दल के साथ शहर के केंद्रों पर छापामारी करने पहुंचे। उन्होंने तिलक इंटर कॉलेज, एमबी इंटर कॉलेज का निरीक्षण किया। यहां सीसीटीवी रिकॉर्ड भी देखे। वहीं मंगलवार को होने वाली हाईस्कूल विज्ञान, इंटरमीडिएट एकाउंटेंसी और इंटरमीडिएट इतिहास की परीक्षा को लेकर डीएम ने अधिकारियों को अलर्ट किया है। शिक्षा विभाग के साथ प्रशासनिक अफसर भी दोनों पालियों में छापामारी करने के निर्देश दिए हैं।
सुबह की पाली में हाईस्कूल में 18 छात्र और 23 छात्राएं पंजीकृत थीं। इसमें छह छात्र और एक छात्रा ने परीक्षा छोड़ दी। सुबह इंटरमीडिएट में 718 छात्र और 657 छात्राएं पंजीकृत थीं। इसमें 44 छात्र और 20 छात्राएं अनुपस्थित रहीं। दूसरी पाली में हाईस्कूल में महज दो छात्र और 33 छात्राएं पंजीकृत थीं। दोनों छात्र और दो छात्राएं गैरहाजिर रहीं। इंटरमीडिएट में गणित में 5310 छात्र और 860 छात्राएं पंजीकृत थीं। इसमें 495 छात्र और 40 छात्राओं ने परीक्षा छोड़ दी। केंद्रों पर कड़ी नजर रखी गई। शाम को डीएम ने परीक्षा को लेकर अफसरों को अलर्ट किया। नगर क्षेत्र में सिटी मजिस्ट्रेट और सभी अपर नगर मजिस्ट्रेट भ्रमण करेेंगे। अपर जिलाधिकारी नगर और अपर जिलाधिकारी प्रशासन भी लगातार भ्रमण करेंगे। सभी सेक्टर और स्टेटिक मजिस्ट्रेट को ड्यूटी पर उपस्थिति रहने के निर्देश दिए हैं। एसडीएम को अपने-अपने क्षेत्रों में निरीक्षण करने के निर्देश दिए हैं।