बरेली। पूर्व नगर आयुक्त राजेश श्रीवास्तव के ट्रांसफर के बाद से आवारा पशुओं को पकड़ने का लगभग चौपट पड़ा अभियान आज यानि मंगलवार से जोर पकड़ेगा। अब संबंधित थाने की पुलिस भी टीम के साथ मौजूद रहेगी। वहीं, सोमवार को नगर निगम की टीम ने सड़कों पर खुली घूम रही दस गायों को पकड़ा है।
योगी सरकार के आदेश के बावजूद आवारा पशुओं पर अब तक प्रभावी रोक नहीं लग सकी है। इसके चलते ही रविवार रात शाहबाद में सांड़ ने हमला करके तीन लोगाें को घायल कर दिया था। खबर का संज्ञान लेकर निगम टीम ने सोमवार को शहर में विभिन्न क्षेत्रों में आवारा घूम रही दस गायों को पकड़ने का दावा किया है। मगर आवारा सांड़ों पर रोक लगाने का अब भी कोई इंतजाम नहीं हुआ है। वहीं, टीम को कार्रवाई के दौरान जगह-जगह विरोध का सामना भी करना पड़ रहा है। इसको लेकर नगर आयुक्त सैमुअल पॉल एन. ने बताया कि मंगलवार से जानवर पकड़ने का अभियान तेजी से चलेगा। टीम के साथ संबंधित थाने की पुलिस भी मौजूद रहेगी।