पुल भूल जाएं, अभी तो प्रोजेक्टों से फुटबाल खेल रहे अफसर
- फोटो : अमर उजाला, बरेली
बरेली। चौपुला फ्लाईओवर के प्रोजेक्ट को सेतु निगम के अधिकारियों ने फुटबाल बना दिया है। शुरुआती तौर पर यह प्रोजेक्ट सेतु निगम की इकाई-तीन को दिया गया था, मगर फिर इसके निर्माण का जिम्मा इकाई-एक को दे दिया गया। इस इकाई ने थोड़ा-बहुत काम करने के बाद ही हाथ खड़े कर दिए और काम में जटिलताएं बताते हुए उसे निजी एजेंसी को देने की सिफारिश कर दी। अब एक बार फिर यह प्रोजेक्ट इकाई-दो को हस्तांतरित करने की तैयारी की जा रही है। बताया जा रहा है कि सेतु निगम के उच्चाधिकारियों की बैठक में यह फैसला होने के बाद जल्द ही इस संबंध में सेतु निगम की इकाई- दो को आदेश जारी कर दिया जाएगा।
वाईशेप में बनने वाले चौपुला चौराहे पर जाम खत्म करने के लिए करीब 60 करोड़ रुपये की लागत से फ्लाईओवर बनाया जाना है, लेकिन सेतु निगम के अधिकारियों की ओर से लगातार कोई न कोई पेच फंसाए जाने की वजह से यह काम शुरू नहीं हो पा रहा है। यह प्रोजेक्ट इकाई-तीन के उप परियोजना प्रबंधक (डीपीएम) रहे एसके गर्ग ने तैयार किया था। सर्वे कराने से लेकर शुरूआती तैयारियों उन्होंने ही पूरी की। काम और आगे बढ़ता कि शासन में पहुंची शिकायतों पर कार्रवाई करते हुए एमडी उत्तम कुमार गहलौत ने उनका तबादला कर दिया। इसी के साथ इकाई-तीन को इकाई-एक में मर्ज कर दिया गया। इसके बाद यह प्रोजेक्ट इकाई-एक के डीपीएम विज्येंद्र कुमार के पास पहुंच गया। इस इकाई ने इस पुल का काम जल्द शुरू कराने में दिलचस्पी नहीं दिखाई। नक्शा बनाने से लेकर उसे पास कराने तक में काफी देरी की गई। इसी बीच इस प्रोजेक्ट को प्राइवेट एजेंसी को देने की भी कोशिश की गई। इकाई-एक के अधिकारियों के लगातार इस प्रोजेक्ट से कन्नी काटने की वजह से अब इसे इकाई-दो के हवाले करने की तैयारी चल रही है।
इकाई-दो पर पहले से शहर के तीन बड़े प्रोजेक्ट
सेतु निगम इकाई-दो के पास पहले से तीन बड़े प्रोजेक्ट पेंडिंग हैं। इस इकाई को आईवीआरआई ओवरब्रिज का निर्माण पिछले वर्ष मार्च में पूरा कर लेना था जो अब तक अधूरा है। सेटेलाइट फ्लाईओवर का काम भी इसी इकाई को शुरू करना है, लेकिन यह भी जहां के तहां अटका पड़ा है। कैंप कार्यालय को छोड़कर यहां सेतु निर्माण के नाम पर एक ईंट तक नहीं लग सकी है। इसी तरह बीसलपुर रोड पर नकटिया पुल का काम भी काफी धीमा चल रहा है। इकाई के पास स्टाफ के नाम पर सिर्फ एक जेई और दो एई हैं। ऐसे में चौपुला के फ्लाईओवर का काम भी लटकना ही है।
चौपुला फ्लाईओवर का काम इकाई-दो देने की बात चल रही है। यह सही है कि इकाई के पास पहले से ही कई प्रोजेक्ट हैं, फिर भी उच्चाधिकारियों का आदेश मिलता भी है तो इस परियोजना को भी पूरा किया जाएगा। - वीके सेन, उप परियोजना प्रबंधक सेतु निगम इकाई-दो