बरेली। सब्जेक्ट कांबिनेशन में फंसकर फेल हुए बीकॉम फाइनल ईयर के करीब एक हजार छात्र-छात्राओं के लिए रुहेलखंड विश्वविद्यालय ने सहूलियत दे दी है। इनसे इंप्रूवमेंट परीक्षा की फीस नहीं ली जाएगी।
रुहेलखंड विश्वविद्यालय ने इस बार बोर्ड परीक्षा की तर्ज पर सभी पाठ्यक्रम का रिजल्ट घोषित किया था। रिजल्ट जारी होने के बाद सामने आया बीकॉम फाइनल ईयर के करीब एक हजार छात्र-छात्राएं फेल हो गए हैं। इनमें से तमाम छात्र ऐसे थे जिनके अन्य विषयों में अच्छे नंबर थे, लेकिन ग्रुप सी में गलत विषय चयन की वजह से एक पेपर में उन्हें फेल कर दिया गया था। इसको लेकर छात्र नेताओं ने विश्वविद्यालय में भी शिकायत की और अपने-अपने कॉलेजों में भी हंगामा किया था। अब विश्वविद्यालय ने निर्णय लिया है कि इन छात्र-छात्राओं से इंप्रूवमेंट परीक्षा की फीस नहीं ली जाएगी।