बरेली। मानसून आने में अभी कुछ वक्त बाकी है, लेकिन उससे पहले हुई प्री-मानसून बारिश ने न केवल गर्मी से राहत दी बल्कि खरीफ की बुवाई का इंतजार कर रहे किसानों के चेहरों पर रौनक बढ़ा दी। सुबह से दोपहर तक तीन बार रुक-रुककर बारिश हुई। कुल 19.8 एमएम बारिश रिकार्ड की गई। दिन का तापमान नौ डिग्री सेल्सियस नीचे आ गया। भीषण गर्मी से लोगों को राहत मिली। मौसम विभाग ने उत्तराखंड और उससे सटे मैदानी इलाकों (इसमें बरेली के आस-पास का क्षेत्र भी शामिल है) में हफ्ते भर दिन में बादल छाए रहने और रुक-रुककर कभी हल्की तो झमाझम बारिश होने की संभावना जताई है।
सोमवार को तड़के बादलों की गड़गड़ाहट होने लगी। पांच बजे के बाद बारिश शुरू हो गई। घंटे भर से ज्यादा देर तक बारिश हुई। फिर मौसम साफ हो गया, लेकिन बादल छाए रहे। उसके बाद दिन में 11 बजे फिर काली घटाएं छा गईं और बारिश शुरू हो गई। दोपहर बाद भी आधे घंटे से ज्यादा बारिश हुई। मौसम विभाग की मानें तो दिन में 19.8 एमएम बारिश हुई। अधिकतम तापमान 28.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से नौ डिग्री कम था। पहाड़ों पर बारिश की वजह से दिन में ठंडी हवा चलने से तापमान में इतनी बड़ी गिरावट दर्ज की गई। न्यूनतम तापमान भी सामान्य से दो डिग्री कम यानी 25.3 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। आद्रता 95.0 प्रतिशत होने से अगले 48 घंटे में बारिश की संभावना बनी हुई हैं। मौसम वैज्ञानिक डॉ. एचएस कुशवाहा ने बताया कि उत्तराखंड और उससे सटे मैदानी इलाकों खासतौर पर बरेली के आस-पास के क्षेत्र में सुबह हवा का रुख पूरब और दोपहर बाद पश्चिम दिशा से है। हवा का रुख बदलने से प्री- मानसून बारिश की संभावना लगातार बनी हुई है। इस महीने के बचे दिनों में आसमान में बादल छाए रहेंगे। रुक-रुककर बारिश होगी। धूप निकलेगी तो उसकी तीव्रता कम रहेगी। न्यूनतम तापमान 26.0 और अधिकतम 39.0 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।