बरेली। हर दिन सुबह मंडी परिषद की थोक सब्जी और फल मंडी के दोनों गेट से अंदर जाने के लिए भारी मशक्कत करनी होती है। गेट पर कई अवैध आढ़त भी संचालित हो रही हैं। इन आढ़तों पर कामर्शियल वाहन में माल भरकर बाहर बेंचा जाता है। इसकी आड़ में हर दिन लाखों रुपये मंडी शुल्क भी चोरी हो रहा है। इस अवैध कारोबार के कारण सुबह से दोपहर तक सड़क आवागमन पूरी तरह ठप ही रहता है। बुधवार पूर्वाह्न जब सिटी मजिस्ट्रेट के आने की सूचना मिली तो मंडी स्टाफ ने इन अवैध आढ़तियों को दौड़ा दिया। आननफानन में गेट पर मौजूद गंदगी के अंबार भी साफ करा।
डेलापीर स्थित सौ फुटा मार्ग के पास थोक सब्जी और फल मंडी है। भोर होते ही दोनों गेट के बाहर अवैध कारोबार शुरू हो जाता है। स्थिति यह है कि जरूरत पड़ने पर अवैध कारोबारी उप निदेशक मंडी परिषद कार्यालय परिसर में भी वाहन खड़ा कर माल बेंचते हैं। यह सब गेट पर तैनात मंडी और सुरक्षा कर्मचारियों की मिलीभगत से होता है। सड़क पर ठेला, खोखे और अवैध पार्किंग भी पुलिस की मिलीभगत से होती है। इससे हर दिन लगने वाले जाम से एयरफोर्स दिशा जाने आने वाला यातायात प्रभावित होता है। सिटी मजिस्ट्रेट संजय कुमार दूसरे दिन भी जाम साफ कराने को मौके पर पहुंचे। उनके पहुंचने की सूचना पहले से मिल गई, इसलिए मंडी स्टाफ ने गेट पर आनन फानन में सफाई शुरू हो गई और दर्जनों अवैध आढ़तिए और वाहन दौड़ा दिए। मंडी स्टाफ यह अभियान पूरा नहीं कर पाया तब तक सिटी मजिस्ट्रेट आ धमके। उन्होंने गेट पर खड़े वाहनों की जानकारी मांगी। उन्होंने पूछा कि गेट के सामने बड़े-बड़े खोखे और होटल कैसे चल रहे हैं? एक वाहन प्रेस लिखा मिला तो सीज करने के आदेश दिए। इस दौरान सड़क पर कब्जा कर कारोबार करने वाले सिटी मजिस्ट्रेट को पहचान नहीं पाए, वे सिर्फ पुलिस और मंडी स्टाफ से ही ‘नमस्ते’ कर रहे थे।
पैदल पटरी पर कब्जा
सौ फुटा चौराहा पर पैदल यात्रियों के लिए बनी पटरी पर पांच सौ से ज्यादा खोखे और कारोबारियों ने कब्जा कर रखा है। सिटी मजिस्ट्रेट यह देखकर दंग रहे गए कि चौड़ी सड़क और पैदल वालों के लिए बनी पटरी पर भी मिलीभगत से कारोबार हो रहा है। उन्होंने पटरी से कब्जे हटाने के निर्देश दिए।
इंस्पेक्टर को चेताया
सिटी मजिस्ट्रेट संजय कुमार ने एसओ इज्जतनगर को चेताया कि दो दिन में सौ फुटा चौराहा, मंडी गेट आदि के आसपास और सामने हो रहे अवैध कारोबारियों, खोखा और पार्किंग दो दिन में साफ कर दिया। उन्होंने कहा कि वे फिर भौतिक निरीक्षण करने आएंगे।
अस्पताल रोड पर कई अवैध कब्जे, कोतवाल को नोटिस
सिटी मजिस्ट्रेट मंडी गेट, सौ फुटा चौराहा का निरीक्षण करने के बाद जिला अस्पताल मार्ग पर पहुंचे। उन्होंने देखा कि रोड के दोनों किनारों पर फड़ लगे थे। उसके आगे कहीं कहीं और अस्पताल गेट पर ठेले वाले भी कारोबार कर रहे थे। इस सड़क पर सामान्य यातायात अस्तव्यस्त होने के साथ ही अस्पताल जाने वाले मरीजों और तीमारदारों को बड़ी परेशानी होती है। हर दिन अवैध कारोबार पब्लिक से झगड़ा करते दिख सकते हैं। उन्होंने पुलिस पर नाराजगी जताते हुए कोतवाल को नोटिस जारी कर दिया है। साथ ही अस्पताल मार्ग पर पूरी तरह साफ करने के निर्देश दिए हैं।