बरेली। करीब चार माह बाद फिर शुरू हुई पेट्रोल पंप आवंटन प्रक्रिया के पहले दिन 45 आवेदकों के हाथ लाटरी लगी। सभी लोकेशन इंडियन ऑयल कारपोरेशन कंपनी की थीं। मंगलवार को भी 45 आवेदकों के नामों का चयन होगा।
सोमवार दिन में 11 बजे से सिविल लाइंस स्थित एक होटल सभागार में कंप्यूटर से ड्रा निकालने की प्रक्रिया शुरू हुई। पहले दिन 45 स्थानों के लिए आए आवेदनों का ड्रा मौजूद लोगों से ही निकलवाया गया। जिन आवेदकों का चयन हुआ, सभी ने इंडियन ऑयल कारपोरेशन कंपनी के लिए आवेदन किए थे। बरेली मंडल के लिए मंगलवार को भी 45 आईओसी पेट्रोल पंपों के लिए ड्रा होगा। जबकि 19 जून से भारत पेट्रोलियम कारपोरेशन के भी आवेदक शामिल कर लिए जाएंगे। इस दौरान आईओसी प्रबंधक लव गोयल आदि मौजूद रहे। ब्यूरो