बरेली। मजहबी रहनुमा ताजुश्शरीया हजरत मुफ्ती अख्तर रजा खां (अजहरी मियां) को दो रोजा उर्स होने जा रहा है। इसे लेकर प्रेसवार्ता के दौरान अजहरी मेहमानखाने में पोस्टर जारी किया गया।
जमात रजा मुस्तफा के उपाध्यक्ष एवं उर्स प्रभारी सलमान हसन खान ने बताया कि उर्स 9 एवं 10 जुलाई को इस्लामिया इंटर कॉलेज मैदान पर मनाया जाएगा। जो दरगाह ताजुश्शरीया के सज्जादानशीन एवं काजी उल कुज्जात मुफ्ती असजद रजा खां की सदारत में होगा। उर्स में देश विदेश के कई नामवर उलमा दानिश्वर शिरकत करने पहुंच रहे हैं। जमात से जुड़े शमीम सुल्तानी ने बताया कि पहले रोज दोपहर में परचमी जुलूस शाहाबाद के शादी हाल के निकट सैयद कैफी के निवास से दरगाह पहुंचेगा। इसके अलावा आजमनगर और सैलानी से भी जुलूसे परचम रात 9 बजे इस्लामिया इंटर कॉलेज मैदान पर पहुंचेगा। उलमा की तकरीर और देर रात मुफ्ती आजम हिंद के कुल शरीफ की रस्म अदा की जाएगी।
अगले रोज 10 जुलाई को दोपहर दो बजे से उलमा-ए-इकराम की तकरीर होगी। शाम लगभग 7 बजे ताजुश्शरीया का कुल शरीफ होगा। इससे पहले पदाधिकारियों की बैठक भी हुई। इसमें समरान खान, डॉ. मेंहदी हसन, मुईन खान, शमीम अहमद, दानिश रजा, हाफिज इकराम, बख्तियार रजा खां सहित जमात के कई लोग मौजूद रहे।