लखीमपुर खीरी। दुधवा टाइगर रिजर्व में बाघ तीसरे दिन भी देखा गया। हालांकि दूसरे दिन भी बाघ दिखा था, लेकिन उसकी फोटो कैमरे में कैद नहीं हो पाई थी। शनिवार को दुधवा टाइगर रिजर्व की किशनपुर सेन्च्युरी में बाघ दिखा और सैलानियों व गाइड ने उसके फोटो भी लिए। दुधवा टाइगर रिजर्व के फील्ड डायरेक्टर रमेश कुमार पांडेय ने बताया कि 26 सैलानियों ने बाघ को देखा है।
फील्ड डायरेक्टर ने बताया कि नवंबर महीने में दुधवा नेशनल पार्क में सैलानियों को अमूमन बाघ नहीं दिखता है। इससे पर्यटक हताश होकर लौटते हैं, लेकिन इस बार शुक्रवार की शाम को सोनू गाइड के साथ गए सैलानियों ने सठियाना और सोनारीपुर में भी बाघ देखा था, लेकिन उसके छिप जाने के कारण फोटो नहीं ली जा सकी थी। शनिवार की सुबह किशनपुर सेन्च्युरी में बाघ के दीदार हुए। करीब दो मिनट तक सैलानियों के सामने बाघ खड़ा रहा। इस दौरान कई फोटो और सेल्फी पर्यटकों ने ली। फिर बाघ झाड़ियों में चला गया। इससे पर्यटकों में खासा उत्साह है।