निगोही (शाहजहांपुर)।
क्षेत्र के गांव टिकमापुर में हाईटेंशन लाइन की चपेट में आकर करंट लगने दो सगी बहनें झुलस गईं। उन्हें सीएचसी पर भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत में सुधार है। वहीं घटना के बाद से बिजली अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ ग्रामीणों में गहरा रोष है।
गांव टिकमापुर निवासी दिनेश कुमार की 12 वर्षीय पुत्री अलका शुक्रवार दोपहर अपनी सगी बहन दो वर्षीय रजनी को गोद में लेकर गांव के ही विश्राम की दुकान पर गई थी। दोपहर करीब12 बजे दोनों लौट रही थीं, जब वह रामऔतार और रामचंद्र के मकान के बीच पहुंची, तभी अचानक हाईटेंशन लाइन का तार टूटकर अलका के ऊपर गिर गया, जिससे वह और रजनी करंट लगने से झुलस गई। घटना के बाद गांव में हड़कंप मच गया। लोगों की मौके पर भीड़ लग गई। दोनों बहनों को जैसे-तैसे सूखी लकड़ी से तार हटाकर करंट से छुड़वाया गया। इस मामले की जानकारी बिजली कर्मचारियों को देकर लाइन बंद कराई गई। इसी बीच किसी ने यूपी 100 पर कॉल करके पुलिस को सूचना दी, लेकिन यूपी 100 की गाड़ी नही पहुंची। इसके बाद ग्रामीणों की मदद से परिजनों ने प्राइवेट वाहन से दोनों बहनों को सीएचसी निगोही पहुंचाया, जहां इलाज के बाद कुछ सुधार है। वहीं घटना से ग्रामीणों में बिजली अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ गहरा रोष है।
बाहर से मंगाने पड़े इंजेक्शन
दर्द से कराह रहीं दोनों बच्चियों को तत्काल राहत देने के लिए सीएचसी पर डेक्सा मैथासोन इंजेक्शन नहीं थे। डॉक्टर ने बाहर से इंजेक्शन मंगवाए तब जाकर दोनों को इंजेक्शन लगाए गए। इसके बाद उन्हें राहत मिली। डॉ. जीशान खां व डॉ. ललित वर्मा ने बताया कि डिमांड भेजी गई है। जल्द दवा मिल जाएगी।