बरेली। नेशनल एक्रेडिएशन बोर्ड ऑफ हॉस्पिटल (एनएबीएच) की टीम ने रविवार को जिला अस्पताल में मरीजों और तीमारदारों को मिल रही सुविधाओं का जायजा लिया। ओपीडी में पहुंचने वाले मरीजों की संख्या की जानकारी ली। साथ ही, अस्पताल की सभी यूनिट में भर्ती मरीजों को मिल रही सुविधाओं की जानकारी ली। दोपहर तक चले निरीक्षण के बाद टीम ने रिपोर्ट तैयार की।
सीएमएस डॉ. केएस गुप्ता ने बताया कि जिला अस्पताल में एनएबीएच की मान्यता लेने के लिए कवायद चल रही है। चार माह पहले टीम ने कुछ सुझाव दिए थे जिन्हें पूरे करने के प्रयास किए जा रहे हैं। बताया कि दिल्ली से तीन सदस्यों की टीम जिला अस्पताल पहुंची थी। डॉक्टरों और स्टाफ की संख्या की जानकारी ली। उन्हें डॉक्टरों की संख्या कम होने की जानकारी दी गई। इमरजेंसी और दवा स्टोर की सुविधाएं देखीं। ओपीडी और रोगी सहायता केंद्र पर रोजाना पंजीकृत मरीजों की संख्या दर्ज की। वहीं, निर्माणाधीन पर्चा काउंटर के चलते ऑनलाइन पंजीकरण ठप होने की जानकारी ली। फिर टीम ने क्लब फुट क्लीनिक, एनसीडीसी, रिकॉर्ड रूम और चिल्ड्रन वार्ड समेत समूचे अस्पताल का कोना-कोना देखा। एनएबीएच की टीम के आने की सूचना पर जिला अस्पताल में साफ-सफाई और चूने का छिड़काव हुआ था। डॉक्टर और कर्मचारी सभी अलर्ट रहे।