भोजीपुरा/बरेली। प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष नवाब सिंह नागर ने कहा कि भाजपा सरकार ने एंटी सेटेलाइट मिसाइल का सफल परीक्षण करके दुनिया को बता दिया कि वह किसी से कम नहीं है। उन्होंने कहा कि पिछड़ों समेत हर वर्ग की हितैषी भाजपा ही है। इस सरकार ने उज्ज्वला, आयुष्मान समेत कई योजनाएं गरीबों के लिए चलाई हैं।
भोजीपुरा के दिव्यानंद आश्रम में आयोजित पिछड़ा वर्ग सम्मेलन में नागर ने कहा कि कांग्रेस, सपा और बसपा की सरकारों ने पिछड़ों के सम्मान की कभी चिंता नहीं की। पिछड़ा वर्ग आयोग को भाजपा ने सशक्त बनाया। बोले, देश के विकास के लिए मोदी जरूरी हैं। मोदी ही आतंकियों और उनके सरपरस्त पाकिस्तान को सबक सिखा सकते हैं। केन्द्रीय मंत्री व बरेली के प्रत्याशी संतोष गंगवार ने कहा पिछड़ों को सम्मान दिलाने का काम सिर्फ भाजपा ने किया है। विधायक बहोरन लाल मौर्य ने कहा कि बरेली में संतोष गंगवार की अलग पहचान है। विधायक मीरगंज डीसी वर्मा ने कहा पिछड़े वर्ग समेत हर वर्ग के लोग भाजपा के साथ हैं। कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष रविंद्र सिंह राठौर, पूरन सिंह लोधी, महीपाल सिंह गंगवार, संजीव अग्रवाल, जयदेव मौर्य, पवन शर्मा, रिठौरा चेयरमैन आर के कश्यप, सूरज पाल शर्मा, राजकुमार द्विवेदी, मंगलसेन गंगवार हरेंद्र पटेल आदि भी मौजूद रहे। संचालन विधानसभा प्रभारी सोमपाल शर्मा ने किया