फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

हर्ष फायरिंग में बालिका की मौत, दो घायल

विज्ञापन
विज्ञापन
जंगबहादुरगंज (लखीमपुर खीरी)। पसगवां थाना क्षेत्र के गांव बड़वारी मांग में तिलक समारोह में फायरिंग के दौरान गोली लगने से 12 वर्षीय बालिका की मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग घायल हो गए। फायरिंग करने वाला युवक बाइक छोड़कर भाग निकला। घटना के बाद समारोह में अफरा तफरी मच गई। ग्राम प्रधान ने फोन से पुलिस को घटना की सूचना दी।
विज्ञापन

गांव बड़वारी मांग में मंगलवार की रात गयादीन के पुत्र नीलेश का तिलक समारोह था। थाना हैदराबाद के ग्राम गोबराजाट के रामचंद्र अपनी पुत्री का तिलक चढ़ाने आए थे। समारोह के दौरान करीब सवा नौ बजे गयादीन के एक रिश्तेदार काशीपुर निवासी धर्मसिंह ने तमंचे से हर्ष फायरिंग शुरू कर दी। इससे निकली गोली कमलेश की 10 वर्षीय पुत्री उजाला और रामलाल के 30 वर्षीय पुत्र रोहित को लगी। इसी दौरान दोबारा तमंचा लोड कर फायर करने पर समारोह में शामिल होने आई पड़ोसी रमेश की 12 वर्षीय पुत्री मधु के पेट में गोली लग गई। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद गयादीन के घर में अफरा-तफरी मच गई। फायरिंग करने वाला धर्मसिंह मौके का फायदा उठाकर फरार हो गया। घटना की सूचना पर कार्यवाहक थाना प्रभारी राकेश कुमार दलबल के साथ मौके पर पहुंचे। मधु का शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए लखीमपुर भेजा और दोनों घायलों को इलाज के लिए सीएचसी मोहम्मदी भेजवाया, जहां से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। मधु के पिता रमेश कुमार की तहरीर पर आरोपी धर्मपाल निवासी काशीपुर के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मधु की मौत से उसकी मां बबली, बहन मोहनी, चांदनी और भाई मोहित का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में पुलिस बल तैनात किया गया है।

डीजीपी कार्यालय ने ली हर्ष फायरिंग की जानकारी
जंगबहादुरगंज। प्रतिबंध के बावजूद हर्ष फायरिंग की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रहीं हैं। गांव बड़वारी मांग में तिलक समारोह में हुई हर्ष फायरिंग में 12 वर्षीय मधु की गोली लगने से मौत और दो लोगों के घायल होने की घटना को पुलिस ने गंभीरता से लिया है। डीजीपी कार्यालय से थाना पुलिस से घटना के संबंध में जानकारी मांगी है।
विज्ञापन


जांच में पता चला है कि अभियुक्त ने पहला हवाई फायर किया, जिसके बाद दूसरा फायर करने के लिए तमंचा लोड कर रहा था। तभी गोली चल गई, जिसकी चपेट में आकर दो लोग घायल हुए और एक बालिका की मौत हो गई है। नामजद अभियुक्त की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम दबिश दे रही है।
विज्ञापन

-पूनम, एसपी।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें