बरेली। जयपुर में आयोजित 48वीं यूपी स्टेट शूटिंग चैंपियनशिप में 13 वर्षीय शौर्य सिंह ने पिस्टल वर्ग के चार इवेंट्स में भाग लेकर एक स्वर्ण, एक रजत और एक कांस्य पदक अपने नाम किया। वह इतनी कम उम्र में पिस्टल के चार इवेंट्स में खेलते हुए नेशनल के लिए क्वालिफाई करने वाले शहर के पहले शूटर बन गए हैं। इससे पहले जिले का कोई भी खिलाड़ी इस आयु वर्ग में यह रिकॉर्ड कायम नहीं कर सका है।
शौर्य सिंह ने 10 मीटर एयर पिस्टल सब यूथ पुरुष वर्ग में 350 का स्कोर किया। 25 मीटर .22 स्पोर्ट्स पिस्टल यूथ कैटेगरी में 272/300 का स्कोर कर स्वर्ण पदक हासिल किया। 25 मीटर .32 बोर सेंटर फायर मेन इवेंट (सीनियर कैटेगरी) में 270/300 का स्कोर कर कांस्य पदक जीता।
25 मीटर .32 बोर सेंटर फायर सीनियर मेन (टीम इवेंट) में पिता देवव्रत सिंह और साथी शूटर ऋषभ सिंह के साथ टीम का रजत पदक अपने नाम किया। उन्होंने 50 मीटर .22 फ्री पिस्टल जूनियर मैन के लिए भी क्वालिफाई किया है। अब शौर्य देहरादून में होने वाली 44वीं नॉर्थ जोन (प्री नेशनल शूटिंग चैंपियनशिप) में हिस्सा लेंगे।
पिता ही हैं कोच
शौर्य के कोच उनके पिता देवव्रत सिंह हैं, जो स्वयं नेशनल पिस्टल शूटर रह चुके हैं। 25 वर्षों का अनुभव रखने वाले देवव्रत ने जिले को कई राष्ट्रीय खिलाड़ी दिए हैं। संवाद
-
क्ले पिजन ट्रैप और डबल ट्रैप में विराट ने जीते दो रजत
बरेली। जयपुर के ओएसिस शूटिंग रेंज, जगतपुरा में आयोजित यूपी स्टेट शूटिंग चैंपियनशिप में विराट नाथ चौबे ने अंडर-16 और अंडर-21 श्रेणियों में क्ले पिजन ट्रैप और डबल ट्रैप इवेंट में भाग लेते हुए दो रजत पदक जीते। इस उत्कृष्ट प्रदर्शन के साथ ही उन्होंने नार्थ जोन और प्री नेशनल शूटिंग चैंपियनशिप के लिए क्वालिफाई कर लिया है। प्रतियोगिता में पदक वितरण ओलंपिक पदक विजेता राज्यवर्धन सिंह राठौर ने किया। संवाद