बरेली। डग्गामार वाहनों पर अंकुश लगाने के लिए परिवहन विभाग के प्रवर्तन दल ने आरटीओ डॉ. एके गुप्ता के निर्देश पर बुधवार सुबह अभियान चलाकर दो प्राइवेट बसों को सीज किया। साथ ही 24 वाहनों का चालान किया गया।
सुबह प्रवर्तन दल के सेटेलाइट बस अड्डे पर पहुंचते ही अवैध तरीके से सवारियां भर रहे वाहन चालकों में खलबली मच गई। टीम उन्हें पकड़ती उससे पहले ही अधिकतर चालक वहां से वाहन लेकर भाग गए। इसके बाद टीम ने सवारी वाहनों समेत अन्य 38 वाहनों को चेक किया। जिसमें 24 वाहनों का चालान किया गया। इस दौरान दो डग्गामार बसों को परमिट न होने पर सीज कर दिया गया। एआरटीओ उदयवीर सिंह ने बताया कि डग्गामार बसें, बस अड्डे से कुछ दूरी पर बगैर परमिट अवैध तरीके से सवारियां भर रहीं थीं। वहीं, पुराना बस अड्डा पर अवैध तरीके से बस संचालन की भी जानकारी मिली है। कहा, अवैध तरीके से चल रहे वाहनों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा। चेकिंग टीम में एआरटीओ यात्रीकर अनिल कुमार भी शामिल रहे। ट्रैफिक पुलिस ने भी कार्रवाई में सहयोग किया। ब्यूरो