बरेली। पुलवाला आतंकी हमले के बाद सीमा पर बढ़े तनाव का असर जम्मू और पठानकोट जाने वाली ट्रेनों पर भी पड़ा है। बुधवार को बरेली जंक्शन से जम्मू और पठानकोट जाने वाले यात्रियों की संख्या शून्य रही। दोनों स्थानों के लिए एक भी साधारण टिकट नहीं बिका। इस बीच रेलवे ने हावड़ा-जम्मू हिमगिरी एक्सप्रेस को रद्द कर दिया। इसका कारण तो स्पष्ट नहीं किया गया लेकिन बताया जा रहा है कि सीमा पर बढ़े तनाव के कारण ही रेलवे ने यह निर्णय लिया।
बरेली से जम्मू के लिए रोजाना जाने वाली ट्रेनों में एकमात्र कोलकाता-जम्मूतवी सियालदह एक्सप्रेस है। इसके अलावा मंगलवार को माता वैष्णो देवी कटरा एक्सप्रेस, लोहित, अर्चना और हमसफर एक्सप्रेस, बुधवार को हावड़ा-जम्मूतवी हिमगिरी और कानपुर-जम्मू सुपरफास्ट, रविवार को मोरध्वज एक्सप्रेस, सोमवार को अमरनाथ एक्सप्रेस भी जाती है। हिमगिरि एक्सप्रेस बुधवार और रविवार को भी जम्मू जाती है। रेलवे सूत्रों के मुताबिक पुलवामा हमले के बाद से ही जम्मू जाने वाले यात्रियों की संख्या कम होने लगी थी, लेकिन मंगलवार को बालाकोट में भारतीय वायुसेना की कार्रवाई के बाद बुधवार को जम्मू और पठानकोट का एक भी साधारण टिकट नहीं बिका। वैसे आम दिनों में औसतन 50 से सौ यात्री रोज जम्मू और पठानकोट जाते हैं। इसी बीच रेलवे ने बुधवार को जंक्शन पहुंचने वाली हावड़ा-जम्मूतवी हिमगिरि एक्सप्रेस का संचालन निरस्त कर दिया। ट्रेन निरस्त होने का रेलवे के आला अधिकारियों ने खास कारण नहीं बताया है, लेकिन सूत्रों का कहना है कि सीमा पर तनाव के चलते इस ट्रेन को रद्द किया गया है।
आज से मेरठ तक जाएगी नौचंदी एक्सप्रेस
बरेली। इलाहाबाद से सहारनपुर तक जाने वाली नौचंदी एक्सप्रेस नौ मार्च तक मेरठ से ही टर्मिनेट होकर वापस आएगी। इलाहाबाद से शाम 5.30 बजे चलने वाली नौचंदी एक्सप्रेस मेरठ से खतौली, मुजफ्फरनगर, देवबंद होते हुए दोपहर 11.52 बजे सहारनपुर पहुंचती है। वापसी में शाम 4.50 बजे चलकर रात 7.05 बजे मेरठ पहुंचती है। बृहस्पतिवार से ट्रेन 7.50 बजे मेरठ से इलाहाबाद के लिए रवाना होगी। सूत्रों का कहना है कि मेरठ-सहारनपुर सेक्शन पर डबल लाइन बिछाने के लिए ट्रेन का मेरठ से टर्मिनेट किया गया है।