योगी जी! अगर आप न मिले तो प्राण त्याग दूंगा
- फोटो : अमर उजाला, बरेली
बरेली। मन में देश प्रेम की आस और बदलते परिवेश को सुधारने का जज्बा लिए एक पुजारी सड़कों पर दंडवत होते हुए सीएम से मिलने दिल्ली से निकल पड़ा है। पीएम मोदी से मिलने पहुंचे इस पुजारी को जब गार्डों ने मिलने से मना किया तो वह वहीं, से दंडवत होते हुए लखनऊ सीएम योगी आदित्यनाथ के पास अपनी अर्जी लगाने निकल पड़ा है। आगे-आगे पुजारी और पीछे हर कदम के साथ चलती पुलिसकर्मियों की जीप बुधवार को बरेली पहुंची तो लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा।
बदायूं के इस्लामनगर पेवारी निवासी राहुल शर्मा स्थानीय शिव मंदिर में पुजारी है। पिछले वर्ष 22 मई 2018 को पुजारी सात मांगों का ज्ञापन पीएम को देने दंडवत होकर निकल पड़ा। 25 अगस्त को दिल्ली पहुंचा लेकिन पीएम से मुलाकात नहीं हो सकी। वहीं से सीएम योगी आदित्यनाथ के पास अपनी मांगों पर समर्थन लेने निकल पड़ा है। पुजारी ने बताया कि मंगलवार को वह बरेली पहुंच गया था, मेयर से मिलने की इच्छा जताई लेकिन वह नहीं मिले। कहा कि जब तक मेयर मिलने नहीं आएंगे वह शहर में भटकता रहेगा। जिसके बाद आगे की यात्रा शुरू होगी। बताया कि अगर सीएम योगी लखनऊ में उससे नहीं मिले तो वह वहीं, प्राण त्याग देगा।
यह हैं प्रमुख मांगे
सभी जातियोें को आर्थिक स्थिति पर आरक्षण का लाभ, एकसमान कर्ज माफी, शहीदों की पत्नी की दूसरी शादी होने के बाद शहीद के बच्चों को पेंशन मिले, पुलिस विभाग में 12 घंटे की ड्यूटी हो, बुजुर्गों की उपेक्षा करने पर बच्चों को कड़ी सजा, सीबीआई द्वारा सभी सरकारी कर्मचारी और नेताओं की आय की निष्पक्ष जांच हो। बताया कि 282 दिनों के सफ र में राहगीरों ने जो खिलाया वही खाया जहां जगह मिली सो लिया।