बरेली। धनतेरस, दिवाली, गोवर्धन पूजा और भैया दूज के बाद संडे। सरकारी दफ्तरों में पांच दिन की इकट्ठी छुट्टी। बीडीए से बिना नक्शा पास कराए अवैध निर्माणकर्ता इसी मौके की तलाश में थे। सब लोग त्योहार मनाने में जुटे थे और अवैध निर्माणकर्ताओं ने बीडीए की सील तोड़कर रातोंरात अधूरे मकान और दुकानों में लिंटर डलवाकर उनको पूरा कर लिया। कॉलोनी वाले बीडीए इंजीनियरों और पुलिस को फोन करते रह गए। कोई रिस्पांस नहीं मिला।
कूर्मांचल नगर कॉलोनी में अल्मा मातेर स्कूल के आगे दो मकान अवैध तरीके से दिवाली की छुट्टी में रातोंरात पूरे कर लिए गए। इनका 80 फीसदी निर्माण पूरा हो चुका है। शेष रविवार की रात तक होना है। नार्थ सिटी एक्सटेंशन में पांच कूर्मांचल नगर के एक अवैध कॉलोनाइजर (रेरा में अपंजीकृत) ने नहर की जमीन पर पांच मकान बीडीए से बिना नक्शा तीन माह पहले बनाने शुरू किए थे। पांच दिन की छुट्टियों में इनकी रंगाई-पुताई भी हो चुकी है। नार्थ सिटी में एक कोठी के आगे नौ अवैध मकान भी इन पांच दिनों में पूरे कर लिए गए। बीडीए से इन मकानों के नक्शे मंजूर नहीं हैं। सनसिटी विस्तार में राशन कंट्रोल की दुकान के आगे कूर्मांचल नगर के कॉलोनाइजर ने दो मकान नए बनवा दिए हैं। इनके नक्शे भी प्राधिकरण से स्वीकृत नहीं हैं। पीलीभीत बाईपास रोड पर सौ फुटा रोड से मॉल तक 20 से ज्यादा अवैध निर्माण भी दिवाली की छुट्टियों में पूरे हो गए। ऐसा नहीं कि बीडीए को इनकी जानकारी नहीं थी। जब भी कॉलोनी के लोगों ने अवैध निर्माण की सूचना इंजीनियरों या अफसरों को दी तो छुट्टी के बाद दिखवाएंगे, कहकर मामला टल गया। इनमें से कई अवैध निर्माण रविवार की छुट्टी की रात तक भी पूरे किए जाएंगे।
शास्त्रीनगर समेत कई जगह से सील तोड़कर अवैध निर्माण दोबारा करने की सूचना आई थी। मगर, स्टाफ छुट्टी पर है। पुलिस को सूचना भिजवाई गई थी कि वह मौके पर जाकर निर्माण रोके। सोमवार को फाइल देखने के बाद टीम भेजकर एफआईआर कराई जाएगी। - सुरेंद्र प्रसाद सिंह, सचिव बीडीए