त्योहारों की लंबी छुट्टी बीतने के बाद लखनऊ-दिल्ली हाईवे पर दो से तीन गुना तक ट्रैफिक लोड बढ़ने के आसार हैं। पिलखुवा (हापुड़) और फतेहगंज पूर्वी में इस नेशनल हाईवे पर कई दिनों से लोग जाम की दिक्कत पहले से ही झेल रहे थे। दिवाली, भैयादूज सहित अन्य पर्व मनाने घर गए लोगों के वापसी करने पर रविवार को इस हाईवे पर जाम की परेशानी और ज्यादा बढ़ जाएगी।
दिवाली सहित अन्य त्योहारों के दौरान लखनऊ-दिल्ली हाईवे पर वाहनों का दबाव बढ़ा रहा। इससे पिलखुवा में निर्माणाधीन फ्लाईओवर के पास शनिवार को भी लंबा जाम लगा रहा। वाहनों की संख्या और बढ़ने से जाम की दिक्कत बढ़ती चली गई। शनिवार को भी पिलखुवा में ट्रैफिक को आगे बढ़ाने के लिए संपर्क सड़कों पर यातायात को डायवर्ट करना पड़ा।
इधर, शाहजहांपुर रोड पर फतेहगंज पूर्वी के पास भी शनिवार को जाम की समस्या कम नहीं हुई। सबसे ज्यादा जाम अधूरे पड़े फ्लाईओवर के पास लग रहा है। यहां दो रेलवे क्रॉसिंग भी है। इसके बंद रहने के दौरान कई किलोमीटर लंबा जाम लग जाता है। जाम की यह दिक्कत पहले से ही चल रही है। इस बीच त्योहारों की छुट्टी भी खत्म हो रही है। सोमवार को सभी कार्यालय खुल जाएंगे। इसलिए इसके एक दिन पहले इतवार को इस हाईवे पर यातायात का लोड और भी बढ़ जाएगा। इससे हाईवे पर ट्रैफिक व्यवस्था की हालत और ज्यादा लड़खड़ाने के आसार हैं।