भमोरा (बरेली)। थाना क्षेत्र में बरेली-आगरा फोरलेन पर शनिवार सुबह एक युवक को ट्रक ने कुचल दिया। ट्रक बाइक को काफी दूर घसीटता ले गया। बदायूं निवासी युवक फूलों की खरीद फरोख्त करता था और देवचरा से फूल लेकर बदायूं जा रहा था। आक्रोशित परिवार ने फोरलेन पर जाम लगा दिया। तीन घंटे जाम में सैकड़ों वाहन फंस गए। भीड़ ने तीन रोडवेज बसों के शीशे तोड़ दिए। अफसरों ने सभी को समझाकर बुझाकर जाम खुलवाया।
बदायूं के मीराजी चौकी के मोहल्ला बजरंग नगर निवासी 19 वर्षीय नितिन सैनी पुत्र चंद्रपाल देवचरा में टीटू की आढ़त से सुबह पौने सात बजे चार बड़े थैलों में फूल लेकर बाइक से बदायूं जा रहा था। बदायूं फोरलेन पर बाइक के आगे ट्रक चल रहा था। ड्राइवर ने सिरोही के गोगाजी पेट्रोल पंप पर अचानक से ट्रक मोड़ दिया। इस पर तेजी से जा रहा नितिन बाइक को कंट्रोल नहीं कर सका और ट्रक से भिड़ गया। ट्रक का एक पहिया नितिन के ऊपर से चढ़ गया तो बाइक काफी दूर तक घिसट गई। इससे नितिन की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रक छोड़कर ड्राइवर फरार हो गया। पौन घंटे बाद आई भमोरा पुलिस ने ट्रक कब्जे में लेकर शव पोस्टमार्टम को बरेली भेज दिया। इससे पहले नितिन के भाई सचिन और रिश्तेदार राहुल घटना स्थल पर पहुंच गए। सूचना दी तो परिवार के लोग मौके पर आ गए। बाइक खड़ी कर और लकड़ियां डालकर रोड पर जाम लगा दिया। आरोप लगाया कि पुलिस ने ड्राइवर को भगा दिया। उसे गिरफ्तार किया जाए। पुलिस ने समझाने की कोशिश की तो आरोप है कि घरवालों ने पुलिस से अभद्रता की। साथ ही बरेली की ओर से आ रही तीन रोडवेज बसों के शीशे तोड़ दिए। इससे बसों में बैठे मुसाफिरों में भगदड़ मच गई। कुछ ने बसों में आग लगाने की बात कही। तब पुलिस ने लाठियां फटकार कर खदेड़ दिया। थोड़ी देर बाद एसपी देहात डॉ. संसार सिंह और एसडीएम आंवला बिशु राजा मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने लोगों को बताया कि ट्रक पकड़ लिया है। ड्राइवर को भी जल्दी पकड़ लेंगे। पीड़ित परिवार को हरसंभव मदद दिलाई जाएगी। तब साढ़े दस बजे जाम खोल दिया गया। भाई सचिन ने ट्रक नंबर के आधार पर रिपोर्ट लिखा दी है।