बरेली। इस समय न कोहरा, न ठंड और न ब्लॉक, फिर भी ट्रेनें घंटों देरी से चल रही हैं। ट्रेनें लेट न चलें, रेलवे बोर्ड कई बार मंडलीय अधिकारियों को कार्रवाई की चेतावनी दे चुका है, बावजूद इसके अब तक किसी भी अधिकारी पर कार्रवाई नहीं हुई है, जिसके चलते रेलवे का फरमान हवा हवाई प्रतीत होता है।
यात्री भी सुनकर खुश हो जाते हैं कि अब ट्रेनें लेट नहीं होंगी। एकाध दिन शायद ऐसा हो भी जाता है, लेकिन फिर से ट्रेनें अपने पुराने ढर्रे पर लौट जाती हैं। मंगलवार को न्यू जलपाई गुड़ी एक्सप्रेस 12, अमृतसर नई दिल्ली शहीद एक्सप्रेस 14, जम्मूतवी-राजेंद्रनगर अर्चना एक्सप्रेस चार, हावड़ा देहरादून एक्सप्रेस आठ, मुगलसराय दो, जननायक एक्सप्रेस तीन, अकाल तख्त एक्सप्रेस, काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस दो घंटे, वाराणसी देहरादून जनता एक्सप्रेस ढाई, हावड़ा अमृतसर पंजाब मेल दो देरी से जंक्शन पहुंची। इंक्वायरी बोर्ड पर न्यू जलपाईगुड़ी, अर्चना और शहीद को तीन घंटे-घंटे लेट किया गया, जिससे यात्रियों को रिफंड लेने में भी दिक्कत हुई। ट्रेन लेट होने पर कार्रवाई न होने के मामले में मंडल अधिकारियों ने कुछ भी बोलने से इंकार किया।