बरेली। रोजा से बरेली आ रही बीआर पैसेंजर के लोको पायलट के सीने में दर्द होने पर ट्रेन को बनथरा स्टेशन पर रोक दिया गया। रोजा से दूसरा पायलट आने पर ट्रेन को रवाना किया गया। जंक्शन पर ट्रेन करीब डेढ़ घंटा देरी से पहुंची।
बरेली-रोजा पैसेंजर सोमवार सुबह 7:10 बजे शाहजहांपुर पहुंची। ट्रेन पर लोको पायलट राकेश कुमार और सहायक पायलट अमरजीत वर्मा तैनात थे। ट्रेन शाहजहांपुर पहुंची तभी लोको पायलट राकेश कुमार के सीने में दर्द होने लगा। शाहजहांपुर से बंथरा तक ट्रेन को सहायक पायलट अमरजीत वर्मा ले गए। राकेश कुमार की तबीयत बिगड़ने के बारे में रेलवे कंट्रोल मुरादाबाद को सूचना दी गई। इसके बाद ट्रेन को बंथरा में रोक दिया गया। एंबुलेंस से लोको पायलट राकेश कुमार को अस्पताल भिजवाया गया। इस दौरान करीब एक घंटा 20 मिनट तक ट्रेन यहां खड़ी रही। बाद में रोजा जंक्शन से दूसरे लोको पायलट श्रीराम को भेजा गया। 8:50 बजे बरेली-रोजा पैसेंजर को यहां से बरेली की ओर रवाना किया जा सका।