जैदपुर (बाराबंकी)। वर्षों से जर्जर और बदतर हो गई जैदपुर सतरिख चिनहट मार्ग के अब बेहतर दिन आने की उम्मीद दिखाई पड़ रही है। लोक निर्माण विभाग द्वारा इस मार्ग को अब पांच मीटर चौड़ा कर बनाया जाएगा। जिसके लिए मार्ग के दोनों तरफ लगे वृक्षों को काटने के लिए वन विभाग को पत्र मिला है। इसके बाद हरख रेंजर की देखरेख में मार्ग के दोनों ओर पांच-पांच मीटर के दायरे में लगे पेड़ों को हटाने के लिए नाप जोख का काम शुरू किया गया है।
जैदपुर थाना क्षेत्र के वैसपुर तिराहे से लेकर टिकरा, हरख, सतरिख होकर चिनहट-लखनऊ बाईपास 35 किलोमीटर के करीब मार्ग पिछले कई सालों से गड्ढों में तब्दील हो गया है। मार्ग खराब होने से लोगों को हरख ब्लॉक व सतरिख तक जाने में परेशानी होती है।
जिसके निर्माण के लिए क्षेत्र के लोग परेशान थे। जर्जर सड़क और लोगों की मांग को देखते हुए प्रांतीय खंड पीडब्लूडी द्वारा मार्ग के दोनों तरफ सड़क पर लगे पांच-पांच मीटर के दायरे में आने वाले वृक्षों को हटाने के लिए वन विभाग को पत्र भेजा है।
इसके बाद हरख वन दरोगा सचिन पटेल अन्य कर्मचारियों के साथ मिलकर जैदपुर सतरिख चिनहट मार्ग के दोनों किनारे पर लगे वृक्षों की पैमाईश शुरू कराई है। इसके साथ ही चौड़ीकरण के बीच में पड़ने वाले बिजली के खंभों को भी हटाया जाएगा।
इस बाबत हरख के वन अधिकारी संजय कुमार श्रीवास्तव का कहना है कि जैदपुर सतरिख चिनहट मार्ग के चौड़ीकरण को लेकर सड़के के दो किनारे पांच-पांच मीटर के दायरे में आने वाले वृक्षों की पैमाईश कराने लिए कहा गया है। जिसके लिए वन विभाग द्वारा कार्य शुरू करा दिया गया है।