फतेहपुर (बाराबंकी)। घर से रविवार शाम को निकले एक युवक की लाठी-डंडों से पीट कर हत्या कर दी गई। सोमवार की सुबह युवक का शव सड़क किनारे पड़ा मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज कर अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया है।
फतेहपुर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम डडियामऊ निवासी अजय कुमार वर्मा (35) पुत्र रामचंद्र रविवार को अपने पिता से पांच सौ रुपये लेकर घर से निकला था। देर रात तक जब वह घर नहीं आया तो परिजनों व ग्रामीणों ने उसकी तलाश करना शुरू कर दिया। सोमवार की सुबह नंदनाकला-डडियागउ संपर्क मार्ग पर अजय वर्मा का शव खून से लथपथ पड़ा मिला। मृतक के सिर पर गंभीर चोट के निशान मौजूद थे। वहीं पास में जिस डंडे से युवक पर हमला किया गया वह भी पड़ा हुआ मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई की है। मृतक के पिता के मुताबिक उसके पुत्र से किसी का लड़ाई झगड़ी नहीं था। उसकी हत्या किन परिस्थितियों में कई गई यह भी नहीं पता है। युवक की मौत की खबर सुनकर परिवार में कोहराम मच गया।
कौन करेगा पिता की देखभाल
मृतक के तीन बहनें अर्चना, वंदना व रंजना हैं। इन सभी की शादी हो चुकी है जबकि एक छोटा भाई पवन कुमार लखनऊ में निजी कंपनी में नौकरी करता है। वहीं मृतक की पत्नी करीब आठ वर्ष पूर्व उसे छोड़कर चली गई थी। अजय अपने बुजुर्ग पिता के साथ रह कर उनकी देखभाल करता था। अचानक पुत्र की मौत होने से अब बुजुर्ग पिता की देखभाल कौन करेगा यह संकट खड़ा हो गया है।
युवक का शव संदिग्ध हालात में पड़ा मिला है। पुलिस ने इस मामले में अज्ञात लोगों के विरुद्ध हत्या की धारा में मुकदमा दर्ज किया है। ग्रामीणों ने बताया है कि मृतक शराब पीने का आदी था, जो भी कमाई करता वह शराब में ही खर्च कर देता था। मृतक युवक अपने पिता से पांच सौ रुपये लेने के बाद वह किसके साथ गया और किन परिस्थितियों में उसकी हत्या की गई इसकी जांच पुलिस कर रही है। -योगेंद्र कुमार, सीओ फतेहपुर