हरख (बाराबंकी)। गर्मी से राहत पाने के लिए नहाने गए दो बच्चे नहर में डूब गए। मामले की जानकारी पर पहुंची पुलिस ने दोनों की तलाश शुरू कराई। इस दौरान एक बच्चे का शव बरामद हुआ है। जबकि दूसरा लापता है। इस घटना से दोनों बच्चों के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।
जैदपुर थाना क्षेत्र के पाटमाऊ गांव के मुस्तकीम का पुत्र फैसल (11) व गंगराम का पुत्र अनमोल उर्फ मुन्ना (12) बुधवार की शाम धान के खेत में बेसार देने गए थे। खेत से घर के लोग जब लौट आए तो घर पर बच्चों को नहीं देखा। फिर दोनों की तलाश शुरू हुई। इस बीच स्थानीय लोगों ने बताया कि वह नहर में नहा रहे थे। गांव में इधर-उधर पता करने के बाद जब लोगों से पूछा तो कुछ नहर में नहाने के बारे में पता लगा।
इसके बाद ग्रामीणों ने आननफानन में नहर में कूदकर बच्चों की तलाश शुरू की तो करीब एक घंटे बाद तक कोई मिल नहीं पाया। सूचना पाकर मौके पर जैदपुर पुलिस पहुंची तो आठ गोताखोरों को मौके पर बुलाकर उनकी तलाश शुरू की गई। इनमें से अनमोल को गोताखोरों ने बाहर निकालकर जिला अस्पताल पहुंचाया जहां उसकी मौत हो गई है। जबकि फैसल की गोताखोरों द्वारा नहर में तलाश की जा रही थी।