बाराबंकी। करंट की चपेट में आने से शनिवार को बालक समेत दो लोगों की मौत हो गई। असंद्रा क्षेत्र में खेत की सिंचाई करने के लिए गए युवक की मौत हो गई। वहीं रामनगर में हैंडपंप में उतरे करंट से एक बालक की जान चली गई। दोनों ही मामलों में पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
रामनगर क्षेत्र के ग्राम कांप फतेहउल्लाह निवासी शिवबहादुर का सात वर्षीय पुत्र शिवा घर के बाहर खेल रहा था। गांव में ही एक स्कूल के पास हैंडपंप लगा है। इस हैंडपंप में सबमर्सिबल लगा है। सुबह खेलते हुए शिवा इसी हैंडपंप के पास पहुंचा। जैसे ही शिवा ने हैंडपंप छुुआ, करंट की चपेट में आ गया। शोर सुन लोग दौड़े लेकिन तब तक शिवा की मौत हो चुकी थी। शिवा की मौत से परिवार ही नहीं पूरे गांव में कोहराम मच गया।
वहीं दूसरी ओर थाना असंद्रा क्षेत्र के पूरे बरियार मजरे सलेमपुरगांव निवासी रामनरेश (50) सुबह खेत की सिंचाई करने के लिए ट्यूबवेल चलाने गया था। जहां करंट की चपेट में आने से उसकी मौके पर मौत हो गई। अधिशासी अभियंता आरके मिश्र का कहना है कि दोनों ही मामलों में यथासंभव सहायता देने का प्रयास किया जाएगा। करंट से मौत की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी और विद्युत सुरक्षा निदेशालय को रिपोर्ट भेजी जाएगी।
ट्रेन से कटकर युवक की मौत
मसौली। थाना क्षेत्र के ग्राम नौबस्ता निवासी आयुष (26) शनिवार सुबह रेलवे लाइन के किनारे खेतों की ओर गया था। तभी गुजर रही एक मालगाड़ी की चपेट में आकर उसकी मौके पर ही मौत हो गयी। मृतक के पिता अनीस कुमार ने बताया कि आयुष मनोरोगी था। (संवाद)